### व्यापारियों की समस्याओं पर डीएम सख्त, ईओ व सिटी मजिस्ट्रेट का वेतन रोकाव्यापार बंधु व उद्योग बंधु की संयुक्त बैठक में दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश, नई सब्जी मंडी के लिए एक माह में प्रस्ताव मांगा

उरई। जनपद के व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिला व्यापार बंधु एवं जिला उद्योग बंधु की संयुक्त बैठक की। बैठक में व्यापारियों और उद्योग प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में मोनी मंदिर के आगे स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में जाम और अव्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठा। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रभावी कार्रवाई न करने पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं सिटी मजिस्ट्रेट को कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि समय पर कार्रवाई न होने पर प्रतिकूल प्रविष्टि भी दी जाएगी। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समीप उपलब्ध भूमि का निरीक्षण कर एक माह के भीतर नई सब्जी मंडी विकसित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

राठ रोड ओवरब्रिज से हाईवे तक सड़क संकीर्ण होने की समस्या पर लोक निर्माण विभाग को सड़क चौड़ीकरण का विस्तृत आगणन शासन को भेजे जाने के बाद स्वीकृति मिलते ही कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। कालपी के टरनलगंज बाजार में अतिक्रमण हटाने का अभियान प्रतिदिन चलाने तथा जिला परिषद परिसर में एक माह के भीतर सामुदायिक शौचालय निर्माण की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश भी दिए गए। घंटाघर से भगत सिंह चौराहे तक नाले से अतिक्रमण हटाने एवं सफाई कार्य पूर्ण होने की जानकारी मिलने पर उस प्रकरण का निस्तारण कर दिया गया।

जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय व्यापार बंधु के उपायुक्त सचिव अमित यादव को व्यापारियों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद आयोजित जिला उद्योग बंधु की बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा में लंबित मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आईटीआई प्राचार्य को अप्रेंटिसशिप योजना के अंतर्गत अधिकाधिक प्रशिक्षुओं को जोड़ने तथा क्वालिटी पार्क प्रशिक्षण की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। कालपी औद्योगिक क्षेत्र के वैकल्पिक मार्ग, यूपीएसआईडीसी के प्लॉट एल-18 तथा जालौन प्रोसेसिंग फेज-2 से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में हाथ कागज संघ कालपी के अध्यक्ष नरेंद्र तिवारी ने अत्यधिक बिजली बिलों की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को पत्र भेजकर उपभोक्ताओं को किस्तों में भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं उरई इंडस्ट्री एसोसिएशन वेलफेयर के अध्यक्ष मनीष गुप्ता द्वारा औद्योगिक क्षेत्र की चौकी के पास क्षतिग्रस्त वाहनों के खड़े रहने की समस्या उठाने पर जिलाधिकारी ने बताया कि डकोर ब्लॉक में अलग वाहन यार्ड विकसित किया जा रहा है, जहां भविष्य में सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को स्थानांतरित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि व्यापार और उद्योग जनपद की आर्थिक प्रगति के प्रमुख आधार हैं। व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, उपायुक्त उद्योग धर्मेंद्र भास्कर, उपायुक्त सचिव जिला व्यापार बंधु अमित यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, उद्योगपति एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a comment

Recent posts