### कटे होंठ और फटे तालू के मरीजों के लिए लगा निःशुल्क पंजीयन शिविर16 मरीजों का हुआ पंजीयन, 12 का निःशुल्क सर्जरी के लिए चयन

उरई। अनुरागिनी संस्था एवं ऑपरेशन स्माइल के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को जिला पुरुष चिकित्सालय, उरई परिसर में कटे होंठ एवं फटे तालू (क्लेफ्ट लिप एवं क्लेफ्ट पैलेट) से पीड़ित बच्चों एवं वयस्कों के लिए निःशुल्क पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 16 मरीजों का पंजीयन किया गया, जिनमें चिकित्सकीय परीक्षण के बाद 12 मरीजों का निःशुल्क शल्य चिकित्सा (सर्जरी) के लिए चयन किया गया।

ऑपरेशन स्माइल के प्रोग्राम स्पेशलिस्ट रोहित सिंह एवं प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर सुयश ने बताया कि कटे होंठ एवं फटे तालू जैसी जन्मजात विकृतियों का सफल उपचार संभव है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद मरीज तक निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई बच्चा या व्यक्ति इस समस्या से पीड़ित हो तो उसे इस अभियान से जोड़कर उपचार का लाभ दिलाने में सहयोग करें।

उन्होंने बताया कि चयनित सभी मरीजों की निःशुल्क सर्जरी महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी में ऑपरेशन स्माइल के सहयोग से विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की जाएगी। उपचार के दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा।

अनुरागिनी संस्था के रजिस्ट्रेशन कैंप संयोजक श्याम करण प्रजापति ने बताया कि शिविर में पंजीकृत सभी मरीजों का उपचार झांसी मेडिकल कॉलेज में कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्था जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है और भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य एवं पंजीयन शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र मरीजों से इस अभियान का लाभ उठाने की अपील की।

Leave a comment

Recent posts