राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की 140वीं जयंती पर सजी सांस्कृतिक संध्या

नटराज अकादमी और एमएल कॉन्वेंट के विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने जीता दिल

जालौन-उरई। बुंदेलखंड की शान एवं पद्म विभूषण राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त ‘दद्दा’ की 140वीं जयंती के अवसर पर गहोई धर्मशाला सभागार में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन गहोई वैश्य पंचायत समिति, जालौन एवं भारत विकास परिषद, मुख्य शाखा जालौन के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। इसमें नटराज संगीत एवं नृत्य अकादमी, जालौन तथा एम.एल. कॉन्वेंट स्पेस साइंस लैब स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षिका दिशा शुक्ला एवं कक्षा 8 की छात्रा कशिश द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना, ध्वज गीत तथा मां पर आधारित भावपूर्ण गीत से हुआ, जिसने पूरे सभागार को भक्तिमय वातावरण से भर दिया।

इसके बाद कक्षा 8 के विद्यार्थियों पलक एवं प्रद्युम्न ने राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त के जीवन, साहित्य, राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक योगदान पर प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों एवं श्रोताओं ने खूब सराहा।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के क्रम में नटराज म्यूजिक अकादमी के विद्यार्थियों ने आकर्षक बुंदेली लोकगीत प्रस्तुत किया। कशिश ने हारमोनियम, अंश ने तबला तथा प्रद्युम्न ने खंजरी पर संगत की, जबकि अभय, पलक एवं तरुण ने अपने मधुर स्वरों से लोकगीत प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

एम.एल. कॉन्वेंट स्कूल की छात्राओं आकांक्षा, स्नेहलता, जानवी, गौरी एवं पायल ने लोकप्रिय लोकनृत्य “घर मोरे परदेसिया” की रंगारंग प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। वहीं अंश, चिराग, पार्थ, शुभम, कनक एवं हंश द्वारा प्रस्तुत सामाजिक संदेश पर आधारित नाटक भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।

कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त के आदर्शों, साहित्यिक योगदान एवं राष्ट्रभक्ति के संदेश को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर नटराज म्यूजिक अकादमी के संगीत प्रशिक्षक आचार्य विजय (ग्वालियर घराना), एम.एल. कॉन्वेंट स्कूल की क्राफ्ट एवं ड्रामा कोच अंजलि, नृत्य प्रशिक्षिका श्रद्धा तथा संगीत प्रशिक्षिका दिशा शुक्ला को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही नटराज संगीत कला एवं खेल अकादमी तथा एम.एल. कॉन्वेंट स्पेस साइंस लैब स्कूल के प्रबंध निदेशक गौरव गुप्ता का भी सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के शाखा अध्यक्ष आनंद कुमार, पंचायत अध्यक्ष विवेक कुमार, सेवानिवृत्त शिक्षक सतीश सेंगर, समाजसेवी महेंद्र पाटकर ‘मृदुल’, सेवानिवृत्त एनसीसी अधिकारी सुनील यादव, अनुराग निरंजन, एचडीएफसी बैंक के प्रबंधक राहुल कुमार तथा मीडिया जगत के अनेक प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम साहित्य, संगीत, नृत्य, नाटक और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं नई पीढ़ी में सांस्कृतिक चेतना जागृत करने की दिशा में एक प्रेरणादायी आयोजन साबित हुआ।

Leave a comment