जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुलझाने वाले निरीक्षक पप्पू सिंह को पूर्व सैनिकों ने किया सम्मानित

माधौगढ़ में भी दर्जनों जटिल मामलों का कराया समाधान, पिता-पुत्र के वर्षों पुराने विवाद को रामायण की चौपाइयों से सुलझाकर जीता था दिल

(वरुण द्विवेदी द्वारा )

जालौन : जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता और सूझबूझ के साथ सुलझाने की कार्यशैली के चलते निरीक्षक पप्पू सिंह ने लोगों के बीच अलग पहचान बनाई है। माधौगढ़ कोतवाली में प्रभारी के पद पर तैनाती के दौरान भी उन्होंने अपनी कार्यकुशलता के दम पर कई जटिल मामलों का समाधान कराया। उनकी कार्यशैली को लेकर क्षेत्र के लोगों में आज भी चर्चा होती है।

बताया जाता है कि निरीक्षक पप्पू सिंह माधौगढ़ कोतवाली में प्रभारी के पद पर तैनात रह चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई ऐसे मामलों को भी आपसी समझ-बूझ और संवाद के जरिए सुलझाया, जिनमें विवाद लंबे समय से चले आ रहे थे। यही वजह रही कि वह क्षेत्र में न्यायप्रिय और संवेदनशील अधिकारी के तौर पर अपनी पहचान बनाने में सफल रहे।

एक पत्रकार के तौर पर कार्य के सिलसिले में माधौगढ़ कोतवाली पहुंचने के दौरान ऐसा ही एक मामला सामने आया था। वर्षों से पिता-पुत्र के बीच चले आ रहे विवाद को निरीक्षक पप्पू सिंह ने बेहद अलग अंदाज में सुलझाया। उन्होंने रामायण की चौपाइयों का सहारा लेकर दोनों को रिश्तों की अहमियत समझाई, जिसके बाद पिता-पुत्र अपने मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ हो गए। इस दौरान दोनों पक्षों के साथ आए लोग भी निरीक्षक की कार्यशैली देखकर प्रभावित हुए।

लोगों का कहना था कि यदि अधिकारियों द्वारा इसी तरह जनता की समस्याओं को जमीनी स्तर पर संवाद और समझदारी के साथ सुलझाया जाए तो कई विवाद अदालतों तक पहुंचने से पहले ही समाप्त हो सकते हैं।

इसी तरह हाल ही में कुछ पूर्व सैनिक एक पूर्व सैनिक के बच्चे के साथ हुई अभद्रता के मामले को लेकर अतिरिक्त निरीक्षक पप्पू सिंह  थाना कोतवाली उरई जनपद जालौन से मिले। पूर्व सैनिकों के मुताबिक, निरीक्षक ने आत्मीयता से उनकी बात सुनी और तत्काल दूसरे पक्ष को कोतवाली बुलाकर दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति कायम कराई। इसके चलते मामला बिना कोर्ट-कचहरी के चक्कर में पड़े शांतिपूर्ण तरीके से सुलझ गया।

निरीक्षक की इस कार्यशैली से प्रभावित पूर्व सैनिकों के संगठन ने उनके प्रति आभार जताते हुए पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में निरीक्षक पप्पू सिंह को सम्मानित किया गया। जिससे भूतपूर्व सैनिकों के अधिकारियों कर्मचारियों को उरई पुलिस द्वारा किए गए व्यवहार की भूरि भूरि  प्रशंसा की गई।

Leave a comment