उरई। जिला जालौन के तहसील माधौगढ़ अंतर्गत ग्राम डावर के मूल निवासी कपिल सिंह पुत्र श्री शिववीर सिंह ने जिलाधिकारी  को संबोधित शपथपत्र देकर वीबी-जी रामजी (विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन-ग्रामीण) योजना में बड़े पैमाने पर फर्जी हाजरी लगाने और सरकारी धन के गबन का गंभीर आरोप लगाया है।शपथपत्र में कहा गया है कि ग्राम प्रधान/प्रशासक तथा पंचायत सचिव मोहित कुमार द्वारा ग्राम के दो सम्पर्क मार्गों (चकमार्गों) पर बरसात के मौसम में भी प्रतिदिन 286 मजदूरों की ऑनलाइन फर्जी हाजरी लगाई जा रही है। आरोप है कि इन कार्यों पर मिट्टी डालना इस मौसम में संभव नहीं है, फिर भी फर्जी हाजरी के जरिए सरकारी राशि हड़पने का प्रयास किया जा रहा है।दोनों कार्य आईडी इस प्रकार हैं—

  1. मैन रास्ता से राजू के खेत तक (कार्य आईडी: 3138005012/आर.सी./262084)
  2. मलखान के खेत से गूल तक (कार्य आईडी: 3138005012/आर.सी./262099)

कपिल सिंह ने शपथपूर्वक बयान दिया है कि दिनांक 04 अगस्त 2026 को ग्राम डावर माधौगढ़ व पूरे क्षेत्र में दिन भर बारिश हुई, इसके बावजूद 286 मजदूरों की ऑनलाइन हाजरी लगा दी गई। पिछले कई दिनों से गांव में बार-बार बारिश होने के बाद भी यही सिलसिला जारी है। दोनों चकमार्गों के आसपास सभी खेतों में खरीफ की फसल खड़ी हुई है, जिससे इस मौसम में सम्पर्क मार्गों पर मिट्टी डालवाना असंभव है। फिर भी पंचायत सचिव और ग्राम प्रशासक द्वारा प्रतिदिन फर्जी हाजरी लगाई जा रही है।ग्रामीणों ने शपथपत्र के साथ शिकायती पत्र देकर ग्राम प्रशासक और सचिव पर वीबी-जी रामजी योजना में फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए जांच कर कड़ी कार्रवाई करने  की मांग की है। 

Leave a comment