**उरई, जालौन।** कोतवाली उरई पुलिस ने चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में चेन स्नैचिंग की घटना में वांछित एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की गोली लगने से घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, झपटमारी किया गया सोने का मंगलसूत्र तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक **डॉ. ईशांत सोनी** ने बताया कि हरदोई गुजर, थाना एट निवासी महिला अर्चना पत्नी रविंद्र ने कोतवाली उरई में मंगलसूत्र झपटमारी की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में कोतवाली उरई में मुकदमा अपराध संख्या 507/26, धारा 304 बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
घटना के खुलासे और आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली उरई पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की मुठभेड़ आरोपी अरमान खान पुत्र वहीद खान, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी ग्राम खेड़ा बेड़ा, थाना कोंच, जनपद जालौन से हो गई। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक **आनंद सिंह** ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के पास से 315 बोर का एक देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, सोने का मंगलसूत्र व पांच सोने के मोती बरामद किए गए हैं। इसके अतिरिक्त घटना में प्रयुक्त लाल रंग की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक लावा मोबाइल फोन तथा 510 रुपये नकद भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में अरमान खान ने 28 अगस्त को कोतवाली उरई क्षेत्र के रघुवीर धाम के पास पैदल जा रही एक महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर भागने की बात स्वीकार की है। आरोपी ने बताया कि वह मंगलसूत्र बेचने के लिए घूम रहा था, लेकिन उचित कीमत न मिलने के कारण उसे बेच नहीं सका।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशांत सोनी ने बताया कि मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अलग से अभियोग पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी आसपास के जनपदों और थानों से जुटाई जा रही है।






Leave a comment