उरई। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कुठोंद के प्रभारी निरीक्षक जगदम्बिका दुबे को लाइन हाजिर कर दिया है। उनके स्थान पर अनुभवी निरीक्षक विजय कुमार पांडेय को कुठोंद थाने का नया एसएचओ नियुक्त किया गया है।

जालौन के पुलिसिया हलकों में कुठोंद थाना पिछले कुछ समय से लगातार होने वाले घटनाक्रमों के कारण चर्चा का विषय बना रहा है। इस थाने में तैनात होने वाले कई प्रभारी निरीक्षकों का कार्यकाल विभिन्न कारणों से विवादों और अप्रत्याशित परिस्थितियों के बीच समाप्त हुआ है।

इससे पहले यहां तैनात रहे के.पी. सरोज को अच्छी छवि का अधिकारी माना जाता था, लेकिन एक मामले के बाद उन्हें कुठोंद से निलंबित होकर जाना पड़ा था। उनके स्थान पर आए अरुण कुमार राय की अपनी सर्विस रिवाल्वर से गोली लगने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद तैनात हुए अजय पाठक भी अल्प समय के भीतर लाइन हाजिर कर दिए गए। अब प्रभारी निरीक्षक जगदम्बिका दुबे को भी लाइन हाजिर किए जाने के बाद कुठोंद थाने को लेकर फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

लगातार हो रहे ऐसे घटनाक्रमों के चलते पुलिस महकमे में कुठोंद थाना एक समय “पनौती थाना” जैसी छवि के कारण चर्चा में रहने लगा है। पुलिस विभाग के पुराने लोग बताते हैं कि अतीत में कोंच कोतवाली को लेकर भी एक समय ऐसी ही स्थिति बनी थी, जब लगातार घटनाक्रमों के कारण कुछ इंस्पेक्टर वहां की जिम्मेदारी संभालने से भी आशंकित रहते थे।

बहरहाल, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने अब विजय कुमार पांडेय के रूप में एक अनुभवी और कुशल निरीक्षक को कुठोंद थाने की कमान सौंपी है। पुलिस महकमे की निगाहें अब उनके कार्यकाल पर टिकी हैं कि क्या वह प्रभावी नेतृत्व और बेहतर पुलिसिंग के माध्यम से कुठोंद थाने को लगातार विवादों और अप्रत्याशित घटनाक्रमों से जुड़ी उसकी चर्चित छवि से बाहर निकालने में सफल होंगे।

Leave a comment