उरई। कोतवाली उरई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मोबाइल लूट की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया VIVO Y29 मोबाइल फोन, एक 315 बोर का अवैध तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
बताया गया कि वादिनी श्रीमती संतोषी देवी द्वारा उनके साथ हुई मोबाइल लूट की घटना के संबंध में कोतवाली उरई में प्रार्थना पत्र दिया गया था। जिसके आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 514/26, धारा 309(4)/351(3) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
पुलिस महानिदेशक महोदय, कानपुर जोन एवं पुलिस महानिरीक्षक महोदय, झांसी परिक्षेत्र के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली उरई पुलिस टीम ने सक्रिय कार्रवाई करते हुए चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान माधव उर्फ चीकू पुत्र श्यामबाबू दौरे, उम्र करीब 22 वर्ष तथा मुकेश पुत्र हरि सिंह दौरे, उम्र करीब 28 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम चक्रजगदेवपुर, थाना कोतवाली उरई, जनपद जालौन के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से पीड़िता से लूटा गया VIVO Y29 मोबाइल फोन, एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किया है।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई है। पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।






Leave a comment