त्रयोदशी भोज से लौट रही थी कार, चालक के नशे में होने का आरोप; दो को छोड़कर सभी घायल जिला अस्पताल रेफर
रामपुरा (जालौन)। जगम्मनपुर से त्रयोदशी भोज खाकर लौट रही वैगनआर कार ने महूटा पुलिया के पास बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार साजिद समेत कार में सवार कई लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
बताया गया कि वैगनआर कार संख्या UP 92 AU 2838 में सिरसा कलार निवासी आलोक कुमार (42), चालक अनुज कुमार तथा मदारीपुर निवासी सुनील कुमार (50) और संगीता देवी (30) सवार थे। सभी लोग जगम्मनपुर में संतोष कुमार पुत्र पुनु दोहरे के यहां आयोजित त्रयोदशी भोज में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।
ग्रामीणों के मुताबिक हादसे के समय कार चालक नशे में था। इसी दौरान महूटा पुलिया के पास कार ने जगम्मनपुर की ओर से लौट रहे बाइक सवार साजिद को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार समेत कार सवार लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही PRV-8355 मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा पहुंचाया। सीएचसी में डॉ. गोपाल जी द्विवेदी ने घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कर प्राथमिक उपचार किया।
प्राथमिक उपचार के बाद अनुज कुमार और आलोक कुमार को छोड़कर अन्य घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।







Leave a comment