ग्रामीणों का आरोप—कोई 9 तो कोई 10 बजे पहुंचता है स्कूल, कई बार बच्चों को ही सौंप दी जाती है चाबी
जालौन। गांव के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों के समय से विद्यालय न पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में तैनात कुछ शिक्षक सुबह नौ बजे तो कुछ करीब 10 बजे तक पहुंचते हैं। इसके चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि कई बार शिक्षक विद्यालय की चाबी बच्चों को सौंपकर चले जाते हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि बच्चों के भरोसे चल रहे विद्यालय में उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? ग्रामीणों ने शिक्षक केशवनंद, शिक्षक रवि और एक महिला शिक्षिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय की यह स्थिति कोई एक-दो दिन की नहीं, बल्कि काफी समय से बनी हुई है। शिक्षकों की कथित लापरवाही से जहां विद्यालय की व्यवस्था प्रभावित हो रही है, वहीं बच्चों की शिक्षा पर भी इसका सीधा असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर विद्यालय में शिक्षकों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है। अब देखने वाली बात यह होगी कि विभाग इस शिकायत को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करता है या जांच के नाम पर मामला निपटा दिया जाता है।







Leave a comment