जखा-रायपुर मार्ग के 10 किमी हिस्से में जानलेवा गड्ढे; ओवरलोड बालू ट्रकों से सड़क बर्बाद, स्कूल बसों ने भी किया आवागमन बंद
सिरसा कलार। जखा-रायपुर संपर्क मार्ग की बदहाली ने करीब एक दर्जन गांवों के लोगों की जिंदगी मुश्किल कर दी है। लगभग 10 किलोमीटर लंबी सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से आवागमन बेहद खतरनाक हो गया है। हालात यह हैं कि ग्रामीणों को गांव से बाहर निकलने के लिए करीब 15 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों नंदलाल, ठाकुर प्रसाद, देवेंद्र सिंह यादव, मिठाई लाल यादव और मुलायम सिंह का आरोप है कि रायपुर बालू घाट से दिन-रात गुजरने वाले ओवरलोड ट्रकों ने सड़क की हालत पूरी तरह खराब कर दी है। बारिश के बाद स्थिति और विकट हो गई है।
सड़क खराब होने का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ा है। ग्रामीण अजय सिंह यादव के अनुसार गांव की हाईस्कूल छात्राएं राधा यादव, अंशिका और प्रिया यादव स्कूल नहीं जा पा रही हैं। कुठौंद और औरैया से आने वाली स्कूल बसों के चालकों ने भी सड़क की हालत देखते हुए इस मार्ग पर बसें भेजने से मना कर दिया है। बालाराव उपाध्याय जूनियर हाईस्कूल के शिक्षकों को भी 15 किलोमीटर घूमकर विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है।
मार्ग बाधित होने से मरीजों को अस्पताल ले जाने में परेशानी हो रही है। वहीं रायपुर के किसान सब्जियां लेकर सिरसा कलार बाजार नहीं पहुंच पा रहे हैं और कस्बे में दुकान करने वालों का आवागमन भी प्रभावित है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर तत्काल रोक लगाने तथा जखा-रायपुर मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।






Leave a comment