डीएम ने समीक्षा बैठक में दिए गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ काम शुरू कराने के निर्देश
उरई। बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुए सड़क मार्गों को लेकर जिलाधिकारी समीर ने कलेक्ट्रेट सभागार में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने जिले में सड़कों पर हुए गड्ढों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंताओं ने अपने-अपने खंडों की गड्ढामुक्ति कार्ययोजना जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की। कार्ययोजना के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रांतीय खंड उरई के अंतर्गत 47 मार्गों की 189.26 किलोमीटर लंबाई, निर्माण खंड-1 उरई के 39 मार्गों की 150 किलोमीटर तथा निर्माण खंड-3 उरई के 73 मार्गों की 213.96 किलोमीटर सड़क को गड्ढामुक्त किया जाना प्रस्तावित है।
इस तरह जिले में कुल 159 मार्गों की 553.220 किलोमीटर लंबाई में गड्ढामुक्ति का कार्य कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिन्हित मार्गों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए और इसकी नियमित समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए सड़क मार्गों को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए संबंधित विभाग पूरी गंभीरता से काम करें। सड़क मरम्मत में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराया जाए।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित कार्यों के लिए अनुबंध गठित किए जा चुके हैं और सोमवार से गड्ढामुक्ति अभियान शुरू कर दिया जाएगा।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना, सुनील, महेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।







Leave a comment