03orai0503orai06 उरई। आज हिंदू संगठनों के दिन भर के धरने के कारण रहे तनाव के बीच शाम को कलैक्ट्रेट में डीएम के चैंबर में आंदोलन कारियों के प्रतिनिधि मंडल और डीएम व एसपी की लंबी बातचीत हुई। इसमें प्रशासन ने आश्वासन दिया कि अवधेश सविता के साथ अमानुषिक व्यवहार करने वाले आरोपियों के परिजनों को परेशान नही किया जायेगा। लेकिन जो गलत कृत्य हुआ है उस पर कार्रवाई होगी। एसपी एन. कोलांची ने कहा कि रामनामी साफी देखकर किसी को परेशान करने का सवाल ही नही उठता क्योकि जिन लोगों ने बाल और मूंछ काटकर अवधेश नाई को गधे पर घुमाने का काम किया है वे लोग वीडियो क्लिपिंग से चिन्हित हैं और पुलिस केवल उन्हें ही आरोपी बना रही है। उन्होंने कहा कि अगर किसी के घर में घुसकर तोड़फोड़ व बच्चे के साथ निर्दयतापूर्ण व्यवहार किये जाने की बात सही है तो सक्षम अधिकारी जांच करेंगे और पुष्टि होने पर वेवाकी से इसमें शामिल पुलिस टीम को निलंबित किया जायेगा। बातचीत के निष्कर्ष में आंदोलन कारियों को उत्पन्न परिस्थितियों की वजह से कुल मिलाकर खामोश हो जाना पड़ा।
धर्मांतरण, गोकशी व बजरंग दल के पदाधिकारियों पर दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में विश्व हिन्दू परिषद की अगुवाई में हिन्दू संगठन बुधवार को सड़क पर उतर आए। जनपद में गोकशी, धर्मांतरण की घटनाओं पर कार्रवाई करने की बजाय आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए हिन्दू संगठन के नेताओं ने जिला प्रशासन व पुलिस को आड़े हाथों लिया और कहा कि तीन दिन में आरोपियों पर कार्रवाई व बजरंग दल के पदाधिकारियों पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस न हुए तो हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता जेल भर देंगे।
विश्व हिन्दू परिषद के प्रांत मंत्री वीरेन्द्र पांडेय ने कहा कि जिला प्रशासन व पुलिस अपनी नाकामी छिपाने के लिए बजरंग दल के पदाधिकारियों के खिलाफ उत्पीड़न की कार्रवाई कर रही है। बजरंग दल के जिला संयोजक अखिलेश डीहा पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे और बजरंग दल के पदाधिकारियों के यहां छापे मारे जा रहे हैं। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से हिन्दू समाज की महिलाएं डरी व सहमी है। इससे साफ है कि पुलिस एक वर्ग विशेष को खुश करने के लिए हिन्दू संगठनों से जुड़े लोगों का उत्पीड़न कर रही है। अगर तीन दिन के अंदर झूठे मुकदमे वापस न हुए तो हिन्दू संगठन जेल भर देंगे। बजरंग दल के प्रांत संयोजक कुशल पाल सिंह ने पुलिस पर तीखा हमला बोला और कहा कि गोकशी कराने वाली पुलिस धर्मांतरण कराने वाले युवक पर कार्रवाई करने की बजाय इसका विरोध करने वाले बजरंग दल के पदाधिकारियों का उत्पीड़न कर रही है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रांत अखाड़ा प्रमुख राहुल त्रिपाठी ने कहा कि जिला प्रशासन उनके धैर्य का इम्तिहान न लें, वरना अब गंभीर परिणाम प्रशासन और पुलिस को भुगतने होंगे, क्योंकि धर्मांतरण व गोकशी का विरोध करने वालों के यहां जाकर पुलिस जिस तरह से उत्पीड़न की कार्रवाई कर रही है, वह बर्दाश्त से बाहर है। उन्होंने कहा कि तीन दिन में न्याय न मिलने पर हिन्दू संगठन जेल भर देंगे। इस मौके पर रामजी तिवारी, अनूप करोसिया, आचार्य अविनाश, रामेश्वर मिश्रा, पंकज गुप्ता, अवधेश शर्मा, सत्येन्द्र गुप्ता, मंयक तिवारी, लाल सिंह चैहान आदि मौजूद रहे।
विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल, हिन्दू युवा वाहिनी, दुर्गा वाहिनी, अखाड़ा परिषद, हिन्दू जागरण मंच, गोशाला समिति, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा, क्षत्रिय महासभा आदि संगठनों ने जताया विरोध।
पुलिस छावनी में तब्दील रही कलेक्ट्रेट
हिन्दू संगठनों के प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर छावनी में तब्दील रही। पुलिस व पीएसी के अलावा आरआरएफ के जवान सुबह से शाम तक कलेक्ट्रेट परिसर में डटे रहे। इसके साथ ही खुफिया तंत्र भी दिन भर कलेक्ट्रेट में सक्रिय रहा। क्षेत्राधिकारी डा. जंग बहादुर सिंह यादव धरने के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर पूरी नजर रखे रहे।

Leave a comment