0 रमा के साथ पूरी पार्टी का समर्थन जताने के लिए कराई पत्रकार वार्ता
0 घनश्याम अनुरागी ने वाकपटुता से बनाया जबर्दस्त माहौल
उरई। विधान परिषद चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार रमा निरंजन को पार्टी के ही कार्यकर्ता नही पचा पा रहे। उन्हें स्काई लैब के रूप में प्रचारित किया जा रहा है। असंतोष को और हवा मिले इसके पहले ही डैमेज कंट्रोल के तहत समाजवादी पार्टी के कार्यालय में आज जिले के सारे प्रमुख नेताओं ने रमा निरंजन के साथ पत्रकार वार्ता आयोजित कर उनके नाम पर एकजुटता का दिखावा किया। हालांकि दावेदार समझे जा रहे नेताओं के चेहरे पर रमा के समर्थन की बात कही जाने के बावजूद क्लेश के चिन्ह साफ नजर आ रहे थे।
समाजवादी पार्टी से पहले दिन से ही जुड़ रहे और पार्टी के गर्दिश के दिनों में राजनीतिक शहादत साफ नजर आ जाने के बावजूद विधान परिषद का चुनाव लड़ने से इंकार न करने वाले बुजुर्ग नेता इंद्रजीत सिंह यादव को इस बार एमएलसी टिकिट की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा था। लेकिन पार्टी ने फंड कलैक्शन की बेदी पर उनकी दावेदारी की बलि चढ़ा दी। पार्टी के नेताओं ने बताया कि रमा निरंजन का टिकिट पार्टी में सभी वर्गों के प्रतिनिधित्व के संतुलन के लिए किया गया है। लेकिन यह बात किसी को तार्किक तौर पर नही जम रही। अगर कुर्मी उम्मीदवार बनाना था तो समाजवादी पार्टी में सीनियर उमा जखौली से लेकर उभरते नौजवान सितारे प्रलुव्य निरंजन तक कई विकल्प उपलब्ध थे। इसके बावजूद गैर राजनैतिक पृष्ठभूमि की रमा निरंजन को वरीयता के पीछे उनके दामाद के कारोबार की अहम भूमिका मानी जा रही है।
बंुदेलखंड में जनता सबसे ज्यादा नदियों के अवैध खनन और उसके कारण चकनाचूर हो रही सड़कों को लेकर आंदोलित हैं। जिस पार्टी या नेता ने इस मुददे पर प्रदर्शन का आहवान किया उसके कार्यक्रम में भीड़ की कमी नही रही यह दूसरी बात है कि नेताओं ने जनभावना के साथ धोखा करके कामयाब विरोध प्रदर्शन को अवैध खनन में पत्ती पाने का जरिया बना लिया हो। खनन व्यापार की इस संवेदनशीलता को जानते हुए भी फंड कलैक्शन की खातिर समाजवादी पार्टी के हाईकमान ने बुंदेलखंड में एमएलसी के दोनों टिकिट तय करने का अधिकार खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति को सौंप दिया। ऐसा नही है कि पार्टी को इस वजह से जोखिम की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका न हो। यही कारण है कि पार्टी एमएलसी चुनाव के मैनेजमेंट को लेकर पूरी गंभीरता दर्शा रही है।
रमा निरंजन की आज की पत्रकार वार्ता में एक ओर सदर विधायक दयाशंकर वर्मा मौजूद थे तो दूसरी ओर पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी। टिकिट की दावेदारी करने वाले उमा जखौली और युवा नेता प्रलुव्य निरंजन भी पत्रकार वार्ता में हाजिर रहे और दोनों ने जिले से रमा निरंजन को सबसे ज्यादा वोटों से जिताने का दम भरा।
पत्रकार वार्ता के मुख्य हीरो अपने चिरपरिचित अंदाज में पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी ही रहे। उन्होंने रमा निरंजन की उम्मीदवारी का औचित्य साबित करने के लिए वाकपटुता में कोई कसर नही छोड़ी। उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि समाजवादी पार्टी ने जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में फरहा नाज को चुनवाया है और अब एमएलसी के बतौर कुर्मी समाज को मौका दिया है। जिले में सामाजिक न्याय के मामले में इन उदाहरणों से समाजवादी पार्टी की सर्वोपरिता स्वयं सिद्ध है। उनके कायल कर देने वाले तर्कों से उत्साहित पार्टी के अन्य नेताओं ने भी पत्रकार वार्ता में ऐसा समां बांधा कि लगा मतदान के पहले ही रमा निरंजन जीत चुकी हैं। बहरहाल अंत में रमा निरंजन ने भी पार्टी का टिकिट देने के लिए आभार जताया।







Leave a comment