0 बसपा नेता के पुत्र सहित चार पर मुकदमा
उरई। मुहल्ला रामनगर में शराबी किरायेदार को मकान खाली करने के लिए कहने पर मकान मालिक और उसके भाई के यहां पर शराब के नशे में धुत किरायेदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर धावा बोल दिया। आरोपियों ने जमकर अंधाधुंध फायरिंग की। जिससे वहां पर दहशत फैल गई। गोलियां दरवाजे को चीरते हुए दीवालों में जा घुसीं। गनीमत यह रही कि अंधाधुंध फायरिंग होने के बावजूद कोई हताहत नहीं हुआ। घटना के चलते मुहल्ले में दहशत फैल गई। आरोपियों ने सड़क पर खड़े वाहनों को भी निशाना बनाते हुए उनमें तोड़फोड़ कर डाली। मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, परंतु तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे। घटनास्थल पर कारतूस के कई खोखा बरामद हुए हैं। इस मामले में बसपा नेता के बेटे समेत चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मुहल्ला रामनगर में बुधवार रात 11 बजे के आसपास शराब के नशे में धुत लोगों ने रामप्रकाश मिश्रा के घर पर धावा बोलकर जमकर फायरिंग की। घर में मौजूद लोग जान बचाते हुए भीतर जा छुपे। करीब पंद्रह मिनट तक हमलावरों ने तांडव किया, जिसकी वजह से मुहल्ले में भी दहशत फैल गई। एक मोटरसाइकिल, एक टेंपो व एक स्कूल वाहन को भी हमलावरों ने तोड़ दिया। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई, परंतु तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे। रामप्रकाश ने बताया कि चंदन सोनी उनके यहां पर किराये से रहता है। वह शराब पीकर अक्सर आता है। उसकी अराजकता से परेशान होकर उन्होंने उसे मकान खाली करने के लिए कहा। इसे बाद वह झगड़े पर उतारू हो गया। उसका भतीजी सोनू मिश्रा वहां बीच बचाव के लिए आया तो चंदन आक्रामक हो गया और गाली गलौज करके वहां से चला गया। थोड़ी ही देर में वह अपने दोस्तों को बुला लाया। उन लोगों ने लाइसेंसी असलहों से फायरिंग शुरू कर दी। वे लोग जान बचाकर भीतर वाले कमरे में नहीं छुपते तो उनकी जान ही चली जाती। करीब पंद्रह मिनट तक आरोपियों ने फायरिंग की। बाद में जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से वे लोग चले गए। रामप्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने चंदन सोनी, दीपक सोनी, बसपा नेता सुरेश गौर के पुत्र अभय सिंह व भतीजे लवलेश कुमार के विरुद्ध हत्या की कोशिश व भयादोहन का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। प्रभारी निरीक्षक आलोक सक्सेना का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







Leave a comment