कोंच-उरई। नदीगांव ब्लॉक में चुनावी तस्वीर का रूख ही बदल गया है, वहां आज नाम बापिसी के दिन चार प्रत्याशियों द्वारा अपने नाम वापिस ले लेने के बाद अब दो प्रत्याशियों के बीच आमने सामने कड़ा मुकाबला होगा। यहां दिलचस्प यह है कि कि मौजूदा ब्लॉक प्रमुख और वहां के बाहुबली अभिमन्यु सिंह डिंपल की मां शांतिदेवी अप्रत्याशित रूप मैदान से हट गईं हैं जिसके चलते अब मुकाबला सपा प्रत्याशी और सावित्री देवी के बीच होगा।
कोंच तहसील के अंतर्गत दो ब्लॉकों कोंच एवं नदीगांव में चुनाव होने थे जिसमें कोंच ब्लॉक में निर्विरोध चुनाव निपट जाने के बाद अब केवल नदीगांव ब्लॉक में ही चुनाव होना है। आज नाम बापिसी के दिन नदीगांव में चार प्रत्याशियों द्वारा अपने नाम बापिस ले लिये जाने के बाद अब मुकाबला आमने सामने होगा। यहां गौर तलब यह है कि जिन मौजूदा ब्लॉक प्रमुख शांतिदेवी को मुकाबले का मुख्य किरदार माना जा रहा था उन्होंने अपना नाम अप्रत्याशित रूप से वापिस लेकर चुनावी पंडितों के सिर चकरा कर रख दिये हैं। मालूम हो कि चुनाव मैदान से हटने बालों में शांतिदेवी के अलावा संध्या, गायत्री और अंजू के नाम शामिल हैं। इन नई परिस्थितियों में अब वहां सीधा मुकाबला सपा की डॉली गुर्जर पत्नी दुग्ध संघ के जिलाध्यक्ष जमींपाल सिंह गुर्जी पवन और सावित्री पाल पत्नी चंदन पाल के बीच ही है। चंदन पाल अभिमन्यु सिंह डिंपल के आदमी माने जा रहे हैं।
मुख्य किरदार परदे के पीछे, मोहरों पर लग गई है प्रतिष्ठा
जिले में सबसे कठिन चुनाव नदीगांव ब्लॉक का ही माना जा रहा था और प्रशासन उसी हिसाब से तैयारियों में जुटा था। देखने दिखाने में वहां के बाहुबली अभिमन्यु सिंह डिंपल की माताजी मौजूदा ब्लॉक प्रमुख शांतिदेवी का नाम बापिस हो जाने के बाद चुनावी तस्वीर में बदलाव देखने बालों की कमी भले ही न हो लेकिन सही बात तो यह है कि मुख्य किरदार के परदे के पीछे चले जाने के बाबजूद मोहरों पर भी प्रतिष्ठा लगी है। यहां गौरतलब यह है कि अभिमन्यु सिंह शुरू से ही चंदन पाल जो उनके खासुलखास हैं, को ही ब्लॉक प्रमुख बनवाने के लिये गोटें बिछाते रहे हैं और उनका पूरा जोर इस बात पर भी लगा रहा कि चंदन बतौर सपा प्रत्याशी चुनाव लड़ें, लेकिन सत्तादल से उन्हें प्रत्याशी बनवाने की सफल नहीं होने के बाद उन्होंने दूसरी रणनीति अपनाई। प्रत्यक्ष तौर पर उन्होंने अपनी माताजी का नामांकन करवा कर यह जताने की कोशिश भी की कि वह सीधे तौर पर मैदान में हैं। ऐन वक्त पर उन्होंने अपने पांसे बदल दिये हैं अपनी मां का नाम बापिस लेकर और उनका सारा फोकस अब अपने मोहरे चंदन की पत्नी सावित्री पर हो गया है। प्रशासन भी इस नई तस्वीर से कतई गफलत पालने की हिमाकत शायद नहीं कर रहा है और चुनाव में अभिमन्यु की उपस्थिति मान कर उसी हिसाब से तैयारियों में जुटा है।







Leave a comment