उरई। कुइया रोड पर तेज गति से जा रहे ट्रक की टक्कर लगने से बाइक पर बैठी महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक अपनी गाड़ी मौके पर ही छोड़कर भाग निकला।
इछौरा थाना चिकासी जिला हमीरपुर निवासी सुरेश कुमार अपनी पत्नी रेखा (23वर्ष) को साथ बैठाकर बाइक से ग्राम आटा में एक त्रयोदशी कार्यक्रम में सम्मिलित होने जा रहे थे। रास्ते में अंधाधुंध चले आ रहे ट्रक के चालक ने उनकी बचाने की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें टक्कर मार दी जिससे रेखा बाइक से नीचे गिरकर ट्रक के पहिये के नीचे कुचल गई और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। जबकि सुरेश कुमार को भी घटना में काफी चोट आई है। हालांकि वे खतरे से बाहर हैं।
रेखा के दो छोटे-छोटे बच्चे इस घटना के बाद बिन मां के हो गये हैं। इसे लेकर मौके पर पहुंचे उनके रिश्तेदारों के बीच विव्हल होकर चर्चा छिड़ी हुई थी और हर कोई बच्चों की नियति पर रंज जता रहा था। सूचना पाकर पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव को पंचनामा करवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।





Leave a Reply