उरई। झांसी-ललितपुर-जालौन क्षेत्र का विधान परिषद चुनाव गुरूवार को शांति पूर्वक निपट गया। जिले के 13 मतदान केंद्रों में शाम 4 बजे तक 97 फीसद वोट पड़े। कहीं से भी किसी तरह की अप्रिय घटना का समाचार नहीं प्राप्त हुआ। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। सभी मतदेय स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे ताकि निष्पक्षता से चुनाव हो सके। मतदान समाप्ति के बाद कड़ी सुरक्षा में मतपेटियों को जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित स्ट्रांग रूम में जमा कराया गया।
गुरूवार को जनपद के 13 मतदान केंद्रों पर वोट डाले गये। जिले में कुल 1078 वोट डाले जाने थे जिसमें से 1053 मत पड़े। चुनाव को लेकर जिला प्रशासन बेहद सतर्क रहा। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये थे ताकि किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर निरीक्षण किया और सेक्टर मजिस्ट्रेटों से पूरी जानकारी ली। लगभग सभी केंद्रों पर मतदाताओं ने कतार में लगकर मताधिकार का प्रयोग किया। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट पूरे समय मतदान केंद्रों पर चैकसी बनाये रखी। महिला मतदाताओं की पहचान के लिए अलग से महिला कर्मचारियों की नियुक्ति सभी केंद्रों में की गयी थी। शाम 4 बजे तक कुल 97 फीसद मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।
प्रेक्षक ने किया निरीक्षण
निर्वाचन आयोग द्वारा जिले के लिए नामित किये गये प्रेक्षक सज्जाद अहमद खान ने कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। सुरक्षा के इंतजाम देखकर उन्होंने संतोष प्रकट किया साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी न होने पाये। जिलाधिकारी राम गणेश, पुलिस अधीक्षक एन कोलांची और उप जिला निर्वाचन अधिकारी आनंद कुमार मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वोटिंग
मतदान के दौरान निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सीसीटीवी कैमरे में मतदान रिकार्ड किया गया। इसके साथ ही एलईडी मतदान केन्द्र के बाहर लगाई थी। जिससे कि मतदान कक्ष की हर गतिविधि बाहर देखी जा सके।
मतदान प्रतिशत
सुबह 10 बजे – 18.92 प्रतिशत
दोपहर 12.00 बजे – 56 प्रतिशत
दोपहर 2.00 बजे – 86 प्रतिशत
दोपहर 4.00 बजे – 97 प्रतिशत






Leave a Reply