उरई। पुलिस लाइन में बुधवार को एसपी एन. कोलांची ने जिले के सभी थाना कोतवाली के भार साधक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक शकील अहमद और सभी सर्किलों के उपाधीक्षक भी उपस्थित थे।
एसपी ने मुख्य रूप से सदर कोतवाली पुलिस को कशिश कांड के अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि उक्त कांड की वजह से लोगों में पुलिस के प्रति जन असंतोष बढ़ रहा है। इसलिए कशिश कांड को वर्क आउट करना हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल हो गया है।
कदौरा में गौकशी के आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए एसपी ने प्रभारी निरीक्षक रुद्र कुमार सिंह की पीठ थपथपाई। कोंच में लाला हरदौल की मूर्ति तोड़े जाने के मामले में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति को लेकर भी अपराध समीक्षा बैठक में चर्चा की गई। एसपी ने जिले में सांप्रदायिक दृष्टि से माहौल के लगातार संवेदनशील होते चले जाने पर चिंता जताई और कहा कि वर्ग वैमनस्य पैदा करने वाले विघ्न संतोषी तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ तेजी से निरोधात्मक कार्रवाई की जाये जिससे जिले में कानून व्यवस्था की कोई गंभीर समस्या उत्पन्न न होने पाये। इस अवसर पर एसपी ने पुलिस पर फायरिंग की जाने के बावजूद कोटरा थाने के सिपाही धनीराम वर्मा और मोहम्मद अफसर खां द्वारा दिलेरी दिखाकर दुस्साहसी अपराधी को पकड़ने के लिए दोनों की सराहना की। उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम् से दोनों सिपाहियों को पांच-पांच हजार रुपये की चैक देकर सम्मानित किया।







Leave a Reply