उरई। समाजवादी विकास दिवस के बहाने अखिलेश सरकार के दौर में उत्तर प्रदेश की मजबूत कल्याणकारी राज्य की छवि को उभारने की कवायद की गई। तुलसीधाम प्रेक्षागृह में इस उपलक्ष्य में कराये गये आयोजन में 500 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की चैके दी गई। मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में कार्यक्रम में मौजूद प्रदेश के वन राज्यमंत्री पवन पांडेय ने उनका संदेश लोगों के पढ़कर सुनाया।
अखिलेश यादव सरकार के चार वर्ष पूरे होने के साथ ही मंगलवार से प्रदेश भर में विधानसभा के नये चुनाव का बिगुल बजा दिया गया। खास बात यह है कि सपा ने इसमें विरोधियों की आलोचना करने के बजाय अपनी उपलब्धियों पर ही पूरी तरह फोकस करके लोगों को रिझाने की रणनीति अपनाई है। पवन पांडेय की जुबान पर भाषण देते समय अनायास ही बसपा सरकार में खाद लेने गये किसानों पर कई जगह हुए लाठी चार्ज का जिक्र तो आ गया लेकिन तुरंत ही वे सभल गये और बोले कि किसी की बुराई या निंदा करने में वर्तमान राज्य सरकार का कोई विश्वास नही है। उन्होंने विभिन्न वर्गों के लिए चलाई गई योजनाओं का जिक्र किया और कहा कि अखिलेश यादव सरकार ने जाति या धर्म देखे बिना किसानों, मजदूरों, छात्रों व अन्य जरूरतमंदों के लिए योजनाएं लागू की हैं। इस पर उन्होंने समाजवादी पार्टी के सबसे प्रिय कवि गोपालदास नीरज की यह लाइने भी पढ़ी कि ‘‘अब तो मजहब कोई ऐसा भी चलाया जाये, जिसमें इंसान को इंसान बनाया जाये…….।’’
इस अवसर पर जिले के लिए नियुक्त शासन के नोडल अधिकारी प्रमुख सचिव विकलांग कल्याण डाॅ. हरीओम कार्यक्रम मे थे। उन्होंने कहा कि सरकार जिन योजनाओं को संचालित कर रही है, जमीनी स्तर पर वे प्रभावशाली ढंग से लागू हों, इसे देखने की जरूरत है। जिलाधिकारी रामगणेश ने जिले में कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों की अलग-अलग संख्या बताने के अलावा अपने संबोधन में अतिवृष्टि और सूखे से बर्बाद किसानों को पहली बार 99 करोड़ रुपये का बीमा क्लैम जिले में दिलाये जाने का भी उल्लेख किया। सदर विधायक दयाशंकर वर्मा व पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी ने भी जमकर राज्य सरकार की शान में कसीदे पढ़े। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिशुपाल सिंह यादव, समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह यादव, विष्णुपाल सिंह नन्नू राजा, सुरेंद्र बजरिया, माधौगढ़ के पूर्व ब्लाॅक प्रमुख सुदामा दीक्षित, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीराम पाल, अजहर बेग, अनीस गुलौली, सिद्धार्थ यादव आदि मंचासीन रहे। संचालन युद्धवीर कंथरिया ने किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण समाजवादी पार्टी के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मिर्जा साबिर बेग का सुरीले गीतों में बांधकर प्रस्तुत किया गया सरकार की उपलब्धियों का सफर रहा। पुलिस अधीक्षक एन. कोलांची, मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह, अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार सहित जिले के सभी अधिकारी व विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।







Leave a Reply