थ्री व्हीलर पर लगेगा पंजीकरण शुल्क
कोंच-उरई। पालिका बोर्ड की बजट बैठक आज संपन्न हुई जिसमें सभासदों द्वारा दिये गये तमाम निर्माण संबंधी कार्यों की मंजूरी दी गई। इस बजट बैठक में सालाना आमदनी और व्यय को लेकर पारित प्रस्ताव में डेढ लाख की बचत बताई गई। इसके अलावा विभिन्न लाईसेंसों के शुल्क में खासी बढोत्तरी की गई, कस्बे में संचालित थ्री व्हीलर्स पर भी पंजीकरण शुल्क लगाने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
पालिका चेयरपर्सन विनीता सीरौठिया की अध्यक्षता और ईओ विनोद सोलंकी की मौजूदगी में आज शाम पालिका बोर्ड की बैठक पालिका सभागार में संपन्न हुई। बैठक में सालाना बजट पर चर्चा के बाद तकरीबन डेढ लाख की बचत का बजट पारित किया गया। विभिन्न मदों से होने बाली कुल आमदनी 13 करोड़ 37 लाख 2 हजार 200 आंकी गई जबकि 1 करोड़ 94 लाख 1 हजार 163 फरवरी 2016 की बचत बताई गई, यानी आय कुल 15 करोड़ 31 लाख 3 हजार 363 है जबकि समस्त मदों में व्यय 15 करोड़ 29 लाख 50 हजार दर्शाया गया है। इस तरह से 1 लाख 53 हजार 363 रूपये की बचत होगी। वर्ष 2016-17 में लाईसेंस शुल्क में बढोत्तरी को भी मंजूरी मिल गई है। खाद्य पदार्थों पर सौ की जगह सवा सौ, आटा चक्की पर सौ की जगह डेढ सौ, एक्सपेलर पर सौ के स्थान पर दो सौ, मिट्टी के तेल पर सौ के स्थान पर दो सौ, हाथ ठिलिया पर कोई बढोत्तरी नहीं, लाउडस्पीकर पर पांच सौ के स्थान पर छह सौ, विवाहघर पर दो हजार की जगह बाईस सौ, वियर शॉप पर चार हजार से बढ़ाकर पांच हजार, अंग्रेजी शराब पर आठ हजार के स्थान पर नौ हजार, देसी शराब पर चार हजार के स्थान पर पांच हजार, नर्सिंग होम पर दो हजार से बढा कर तीन हजार, एक्स-रे मशीन व पैथोलॉजी सेंटर पर एक हजार के ग्यारह सौ रूपये अब चुकाने पड़ेंगे। कस्बे में चलने बाले थ्री व्हीलर भी अब पंजीकरण की जद में आयेंगे और उनसे सौ रूपया पंजीकरण शुल्क बसूला जायेगा। सभासद अमित रावत ने मारकंडेयश्वर से उरई रोड पर नहर तक सड़क बनवाने के लिये शासन से मंजूरी लेने और मंजूरी मिलने के बाद उसका निर्माण कराने की मांग उठाई। इसके अलावा जयप्रकाश नगर में मुन्ना वैद के घर से आनंदी माता तक इंटरलॉकिंग कराने की भी मांग उठाई। निर्माण कार्यों पर लगभग दो करोड़ के प्रस्ताव कराये जाने पर भी सहमति बनी। इस दौरान सभासद राघवेन्द्र तिवारी, महावीर यादव, असित कुशवाहा, संजय सोनी, नरेन्द्र मयंक, बादामसिंह कुशवाहा, अनुराग गुप्ता, जितेन्द्र यादव, श्यामदास याज्ञिक, राहुल अहिरवार, अमित रावत, चुन्नी बेगम, शकीला बानो, भारती वर्मा, उमादेवी, रानीदेवी, रजनीदेवी, मोमिना राईन, हुस्नाबानो, नफीसा बेगम, प्रकाश बाल्मीकि, अजय गुप्ता, फहीम, अवनेश तिवारी, अशफाक अहमद, जेई सतीश कमल, जेई रामवीर सिंह, एकाउंटेंट चंद्रप्रकाश गुप्ता, विजय अवस्थी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






Leave a Reply