उरई। समाजवादी प्रबुद्ध महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुदामा दीक्षित ने कहा है कि जिले में कुछ मठाधीश समाजवादी पार्टी को जेबी संगठन बनाना चाहते हैं। पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं का मनोबल इससे गिर रहा है और पार्टी के विस्तार की कोशिश प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि वे उच्च स्तर पर पार्टी के नेताओं को स्थिति से अवगत करायेगे तांकि जिले में संगठन की हालत सुधर सके।
क्षीरसागर में बुधवार को पत्रकार वार्ता करते हुए सुदामा दीक्षित ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने समाज के हर वर्ग की भलाई और अभाव ग्रस्त जनता की कारगर मदद के लिए योजनाएं चलाई हैं। इनकी जानकारी पूरे बुंदेलखंड में गांव-गांव तक लोगों को कराने के लिए समाजवादी प्रबुद्ध सभा ने बीड़ा उठाया है। अप्रैल के पहले सप्ताह में संगठन के कार्यकर्ता बुंदेलखंड के हर जिले में गांवों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान उनका रात्रि विश्राम भी किसी न किसी गांव में ही होगा।
सुदामा दीक्षित ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण जिले में किसान पूरी तरह तबाह हो गये हैं। उन्होंने हाल की बारिश और ओलापात को खेती के लिए बहुत बड़ी त्रासदी बताया और कहा कि राज्य सरकार इस मौके पर किसानों के आंसू पोछने में कोई कसर नही छोड़ रही। लेकिन स्थानीय प्रशासन द्वारा सर्वे कराने मे लापरवाही से राज्य सरकार की मंशा पर पानी फिरता जा रहा है। उन्होंने डीएम से इस पर गौर करते हुए सभी राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सही सर्वे करने का फरमान जारी करने की अपील की है।
पत्रकार वार्ता में समाजवादी प्रबुद्ध सभा के जिलाध्यक्ष रामू तिवारी, लक्ष्मण स्वरूप चतुर्वेदी, विमल कैलोर और आनंद पाराशर उपस्थित थे।






Leave a Reply