0 अन्नदाता की पीड़ा को उकेरा भाकिसं ने, एसडीएम को दिया ज्ञापन
कोंच-उरई। पिछले दिनों भारी बारिश और ओलावृष्टि से तहस नहस हुई किसानों की फसलों का समुचित मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ ने यहां तहसील परिसर में धरना देकर किसानों की पीड़ा को उकेरा। बाद में संघ पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित सात सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम संजय कुमार सिंह को सौंपा जिसमें संघ ने आरोप लगाया है कि किसानों का जो वास्तविक नुकसान हुआ है उसके इतर कम नुकसान दर्शाया जा रहा है लिहाजा प्रत्येक खेत का उप निदेशक कृषि के साथ मिल कर निरीक्षण करके ही रिपोर्ट बनाई जाये और कम से कम पचास हजार रूपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआबजा दिया जाये।
भारतीय किसान संघ ब्लॉक एवं तहसील कार्यकारिणी की संयुक्त बैठक यहां तहसील परिसर में ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार भदारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक को धरने में तब्दील करते हुये संघ ने पिछले दिनों अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों की हुई क्षति की चर्चा करते हुये कहा कि इस दैवीय आपदा से किसान पूरी तरह से टूट कर बर्बाद हो चुका है जिसे अब सरकारी इमदाद की दरकार है। संघ के प्रांतीय अध्यक्ष साहब सिंह चैहान ने कहा कि किसानों की जमीनें बैंकों और साहूकारों के यहां गिरवी रखीं हैं और उनका कर्ज चुकाने के लिये उनके पास अब फूटी कौड़ी भी नहीं है। ऐसे में जरूरी है कि फसल नुकसान का लेखपालों के टीमें बना कर और किसानों को साथ लेकर खेतों का निरीक्षण किया जाये, फसल बीमा अबिलंब दिलाया जाये, उन निदेशक कृषि के साथ नुकसान का जायजा लेकर मौके पर ही किसान को हुआ नुकसान बताया जाये। जिलाध्यक्ष अरूण कुमार सक्सेना ने कहा कि रिपोर्टें कम नुकसान की बनाई जा रही हैं जिससे किसानों को क्षतिपूर्ति कम दी जा सके, यह स्थिति ठीक नहीं है बल्कि सही सर्वे कराया जाये। उन्हों मांग उठाई कि सभी किसानों के सभी प्रकार के ऋण माफ किये जायें, ग्रामीण क्षेत्रों के बिजली बिल चाहे वे घरेलू हों या नलकूपों के, माफ किये जायें। पिछले वर्षों की बीमा राशि जिन किसानों की नहीं मिल सकी है वह अबिलंब दिलाई जाये और उसकी सूचना किसानों को भी दी जाये एवं नुकसान के एवज में पचास हजार रूपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआबजा दिया जाये। इस दौरान शिवकुमार, रविशंकर निरंजन, विक्रमसिंह, सुरेन्द्रसिंह, रूपनारायण, शिवप्रसाद निरंजन, रघुनाथसिंह, भारत सिंह पटेल, रामजीलाल, अजय सिंह, अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे।






Leave a Reply