27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ceउरई। ग्राम विकास अधिकारी संघ और ग्राम पंचायत अधिकारी संघ की संयुक्त बैठक अंगद सिंह कछवाह की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिसका संचालन मेहरबान सिंह ने किया। इसमें खुलासा किया गया कि समाजवादी विकास दिवस के आयोजन का सारा खर्चा ग्राम पंचायत सचिवों से वसूल किया गया है।
जालौन विकास खंड में समाजवादी विकास दिवस के कार्यक्रम मे ंसंतोष जनक सहभागिता न करने का आरोप लगाकर फील्ड कर्मियों के खिलाफ प्रस्तावित की जा रही कार्रवाई से ग्राम पंचायत सचिवों में गुस्से की लहर दौड़ गई है। बैठक का एजेंडा मुख्य रूप से इसी पर केंद्रित रहा। सचिवों ने बताया कि समाजवादी विकास दिवस का सारा जलसा और जलवा उनसे हुई वसूली का देन था। लाभार्थियों को सचिव ही अपने खर्चें से विकास खंड एवं जिले स्तर पर हुए कार्यक्रम में लाये। इसके बावजूद उनको प्रताड़ित किया जाना अन्यायपूर्ण व्यवहार की पराकाष्ठा है। उन पर पंडाल व्यवस्था ठीक न होने का दोष मढ़ा जा रहा है। तो यह भी कहा जा रहा है कि योजनाओं का लाभार्थियों द्वारा समुचित ढंग से बखान न कर पाने के पीछे भी सचिवों की लापरवाही है। दरअसल यह होली के त्यौहार की वसूली के लिए अधिकारियों द्वारा चलाया जा रहा हथियार है। इसे सहन नही किया जायेगा। खासतौर से विकास खंड जालौन के सभी ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी इसके खिलाफ संघर्ष करेंगे। जिसमें जिले भर के सचिव लामबंद होकर सहयोग देंगे। बैठक में अल्टीमेटम दिया गया कि यदि जरूरत पड़ी तो मनरेगा जैसी सभी योजनाओं को ठप्प कर सभी विकास खंडों पर अनिश्चित कालीन धरना भी आयोजित किया जायेगा।
बैठक में नरेश चंद्र दुबे, राम बिहारी वर्मा, रामवरन सिंह, नौशाद अली, रमेश उदैनिया, हरीश ठाकुर, सतीश वर्मा, प्रमोद सोनी, किरन रावत, हरेंद्र सिंह, अखिलेश शर्मा, लखनलाल शर्मा, कृष्ण मुरारी विद्यार्थी, मनीष निरंजन, पवन सोनी, अश्वनी गुबरेले, महेंद्र सिंह, धर्म नारायण मिश्रा, आदि सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।
दोनों संघों द्वारा बैठक के बाद संयुक्त रूप से पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन दिया गया जिसमें विकास खंड रामपुरा के सहायक विकास अधिकारी पंचायत रामकुमार के साथ उनके कार्यालय में पांच मार्च को सरकारी कार्य में बाधा डालकर गाली-गलौज करने वाले निनावली जागीर निवासी अनिल कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद गिरफ्तारी की कार्रवाई न होने पर गुस्सा जताया गया। ज्ञापन में कहा गया है कि गिरफ्तारी में हीला-हवाली को अपने लिए पुलिस का संरक्षण मानकर दबंगों के हौसले बुलंद हैं और वे एडीओ पंचायत को जानमाल के खतरे की धमकी दे रहे हैं। इसलिए दोनों संघों ने निर्णय लिया है कि अगर आरोपी और उसके साथियों को अविलंब गिरफ्तार न किया गया तो 22 मार्च को जनपद के सभी विकास खंडों में कार्य बहिष्कार कर अगले संघर्ष कार्यक्रम की रणनीति तय की जायेगी। ज्ञापन देने गये प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता और ग्राम पंचायत संघ के जिलाध्यक्ष नरेश चंद्र द्विवेदी ने किया।

Leave a Reply