20orai01उरई। चुर्खी रोड पर ग्राम मुसमरिया के पास शनिवार देर शाम दो बाइकों में सीधी भिड़ंत हो गई। जिसमें एक बाइक सवार युवक सिर के बल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जाता, इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा। घटना के बाद दूसरी बाइक सवार वहां से बाइक लेकर भाग गया। अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दे दी गई है।
ग्राम मुसमिरया निवासी इंद्रपाल (26) अपनी बाइक पर सवार होकर चुर्खी रोड पर जा रहे थे। इसी दौरान शाम आठ बजे के आसपास सामने से तेज गति में आ रही बाइक ने उसकी सीधी टक्कर हो गई। उस बाइक पर दो युवक सवार थे। इंद्रपाल सिर के बल सड़क पर गिरकर बुरी तरह से घायल हुआ। जबकि दूसरी बाइक सवार युवकों को मामूली चोट आयी थी लिहाजा घटना के बाद वे बाइक लेकर भाग गए। इंद्रपाल लहूलुहान हालत में सड़क पर ही पड़ा रहा। बाद में मामले की सूचना मिलने पर उसके गांव के लोग और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। परंतु उसे अस्पताल पहुंचाया जाता इससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया। बाद में पुलिस ने पंचनामा भर उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। टक्कर मारने वाली बाइक चालक के विरुद्ध हादसे का मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस आरोपी का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply