उरई। बंधौली में अवैध खनन को लेकर चली गोलियों की वजह से तीन लोगों के घायल होने के बाद जिला प्रशासन ने अवैध खनन रोकने लिए सख्त कार्रवाई करने का मन बना लिया है। जिलाधिकारी ने कहा कि अवैध खनन रोकने के लिए जिम्मेदार प्रभारी अधिकारी खनिज से लेकर लेखपाल को हर सप्ताह में दो बार शपथ देना होगा कि उनके क्षेत्र में अवैध खनन नहीं हो रहा है। इस आदेश के बाद शुक्रवार को जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मियों में हड़कंप मच गया है।
जिलाधिकारी रामगणेश ने प्रभारी अधिकारी खनिज, खनिज अधिकारी, खनिज निरीक्षक, खनिज सर्वेयर, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, काननूगो व लेखपाल समेत पुलिस महकमे के अधिकारियों को हर सप्ताह में दो बार शपथ पत्र देने के निर्देश दिए है कि उनके क्षेत्र में अवैध खनन नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिन खेतों से अवैध खनन की बात सामने आए, उन किसानों पर भी कार्रवाई की जाए। साथ ही खनन माफियाओं पर शिकंजा कसा जाए। जिससे अवैध खनन पर अंकुश लग सके। उन्होंने कहा कि चोरी छिपे ट्रैक्टरों से अवैध खनन की बात सामने आ रही है। इस पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेशों को अक्षरश पालन सुनिश्चित करने के लिए कठोर कदम उठाएं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।






Leave a Reply