27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ceउरई। जिला पंचायत में बालू, गिटटी बैरियर की नीलामी स्थगित किये जाने के कारण सदस्यों और अपर कार्य अधिकारी में जमकर तू-तू, मैं-मैं हुई। विपक्षी सदस्यों का आरोप था कि अपर कार्य अधिकारी ने सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं के दबाव में सोमवार को होने वाली नीलामी को बिना किसी उचित कारण के स्थगित कर दिया।
विरोध करने वाले सदस्यों में भाजपा के पुष्पेंद्र सेंगर और बसपा के रविंद्र हरौली व अलताफ तथा रामकुमार गुप्ता सिरसाकलार उल्लेखनीय थे। इन सदस्यों का कहना था कि एएमए आरएस यादव सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं के कठपुतली बनकर कार्य कर रहें हैं। दूसरी ओर एएमए ने सफाई दी कि यह आरोप गलत है। नीलामी समिति के सदस्यों व इंजीनियर के उपस्थित न होने की वजह से बोली स्थगित करने का फैसला लेना पड़ रहा है। इसके लिए उच्च स्तरीय आदेश उन्हें मिला था। नीलामी की आगामी तिथि जल्द ही तय कर समाचार पत्रों में उसका विज्ञापन प्रकाशित कराया जायेगा। वाद-विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कमीशनबाजी का आरोप लगाना शुरू कर दिया। कमीशनबाजी की चर्चा शुरू होने पर सफाई में एएमए और सदस्य दोनों ही अपने-अपने लड़कों की कसम खाकर कमीशन न लेने की प्रतिज्ञा करने लगे। इस तमाशे को देखने के लिए जिला पंचायत परिसर में भारी मजमा जुड़ गया। यहां तक कि पुलिस भी मौके पर भी पहुंच गई थी।

Leave a Reply