जिला प्रेस क्लब हमीरपुर का अधिष्ठापन समारोह
हमीरपुर। चित्रकूट मंडल के आयुक्त एल वेंकटेश्वर लू ने पत्रकारों से परहित सरिस धर्म नहि भाई के मंत्र को अपनी कार्य प्रणाली में आत्मसात करने का आवाहन किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सकारात्मक मानवीय विधा का लक्ष्य कमजोरों को उत्थान में मदद देना और उनके अधिकारों की रक्षा करना है। पत्रकारों को भी इसी दायित्व को ध्यान में रखते हुए कार्य करना होगा।
श्री लू यहां श्रीहरि पे्रक्षागृह के सभागार में आयोजित जिला प्रेस क्लब हमीरपुर के नव निर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण और वर्तमान पत्रकारिता और उसके सरोकार विषय पर आयोजित विचार गोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दैनिक लोक भारती के संपादक नमन पांडेय ने की।
मुख्य वक्ता के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झांसी टाइम्स और जालौन टाइम्स के प्रधान संपादक केपी सिंह ने कहा कि आजादी के पहले के मिशनरी युग से पत्रकारिता के मौजूदा व्यवसायिक युग तक स्थितियों में बड़ा बदलाव आया है। प्रिंट मीडिया के बाद इलैक्ट्रोनिक मीडिया और डिजिटल व सोशल मीडिया तक पत्रकारिता के कलेवर में भी अकल्पनीय परिवर्तन आ चुका है। लेकिन सत्ता पर अंकुश और सामाजिक सरोकारों के प्रति पहली जिम्मेदारी पत्रकारिता के सनातन लक्ष्य हैं। जिनमें कोई बदलाव नही किया जा सकता। पत्रकारिता के धर्म से परे होकर व्यवसायिक हितों की पूर्ति को वरीयता देने वाला आचरण असामाजिक और निंदनीय करार दिया जायेगा। मीडिया के साथियों को यह बात हमेशा ध्यान रखनी चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन अनवर खान ने किया। वेंकटेश्वर लू व अन्य अतिथियों ने जिला प्रेस क्लब हमीरपुर के अध्यक्ष जितेंद्र पांडेय और महामंत्री मुनीर खान की टीम को पद और दायित्व की शपथ दिलाई। इसके बाद जिला प्रेस क्लब हमीरपुर के संरक्षक लक्ष्मी नारायण द्विवेदी ने संगठन के इतिहास और गत् सत्र के क्रिया-कलापों पर रिपोर्ट पढ़ी। विषय प्रवर्तन लखन लाल जोशी ने किया। हरिस्वरूप व्यास, हरिमोहन चंसौलिया, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रांतीय नेता देवी प्रसाद गुप्ता, जिला प्रेस क्लब हमीरपुर के कोषाध्यक्ष विनीत तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार अनिल सोनी, उमाशंकर मिश्रा, उरई के इलैक्ट्राॅनिक मीडिया के वरिष्ठ पत्रकार अखिलेश सिंह, नीरज प्रजापति, अजब सिंह दोहरे आदि भी उपस्थित रहे।






Leave a Reply