22orai02 22orai03 22orai04जालौन-उरई। गायों से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर जालौन-बंगरा मार्ग पर ग्राम सुढ़ार के पास पलटा। भूसे की तरह लादी गई गायों में दो की मौत हुई तो वहीं, एक दर्जन से अधिक गायें हुईं जख्मी। सूचना मिलते ही पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस ट्रक मालिक व ट्रक चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की कर रही है तैयारी।
मंगलवार को सुबह लगभग 5 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक जालौन-बंगरा मार्ग पर जा रहा था। तभी ग्राम सुढ़ार के पास वाहन को साइड देते समय ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जाकर पलट गया। सुबह जब लोग टहलने के लिए वहां से निकले तो उन्होंने देखा कि पूरा ट्रक गौवंशीय पशुओं से भरा था। ट्रक में पटिया लगाकर दो मंजिलें बनाई गईं थीं। जिनमें भूसे की तरह तकरीबन 70 गौवंशीय पशुओं को लादा गया था। ट्रक पलटने से दो गायों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। तो वहीं, एक दर्जन से अधिक गायें जख्मी थी। राहगीरों ने घटना की सूचना दूरभाष पर कोतवाली पुलिस को दी। जिसके बाद मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल ही कोतवाली प्रभारी लालबाहदुर यादव के साथ चैकी प्रभारी मुकेश कुमार, एसआई सलमान अली समेत समूचा पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। इसके कुछ ही समय बाद सीओ कुलदीप सिंह व एसडीएम प्रेमचंद्र यादव भी मौके पर पहुंच गए। जख्मी गायों की हालत को देखते उन्होंने तुरंत पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर बुलाया तथा घायल गायों का इलाज शुरू कराया। उधर, ट्रक के पलटते ही ट्रक चालक समेत ट्रक पर सवार अन्य सभी लोग मौके से भाग निकले। सीओ कुलदीप सिंह ने बताया कि ट्रक के नंबर से पुलिस ट्रक के मालिक का पता लगा रही है। इसके साथ ही ट्रक मालिक व ट्रक चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया जा रहा है। इसके साथ ही उक्त दोनों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्यवाही भी की जाएगी।

Leave a Reply