कब्रिस्तान की पीछे की बस्ती में पूरा दिन पानी भरने में खपा देते हैं लोग
23orai06उरई। पानी की किल्लत से जूझ रहे कब्रिस्तान के पीछे करसान रोड की बस्ती के बांशिदों के हाहाकार की अधिकारियों द्वारा अनदेखी से जनाक्रोश गहरा रहा है। यहां हालत यह है कि दो सौ घरों वाली उक्त बस्ती में लोगों को पूरा दिन पानी के बंदोबस्त में खपाना पड़ रहा है।
उक्त बस्ती में एक हैंडपंप लगा था जो डेढ़ वर्ष से खराब है। इसी बीच जलनिगम को हैंडपंप रीबोर और ठीक कराने के लिए राज्य सरकार ने भारी भरकम बजट उपलब्ध कराया। लेकिन स्वयंभू ईमानदार प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां के अधीन आने वाले जलनिगम में भ्रष्टाचार के कीर्तिमान स्थापित किये जा रहे हैं जिसकी भेंट उक्त बस्ती का हैंडपंप भी चढ़ गया। कागजों में निश्चित रूप से उक्त बस्ती के हैंडपंप का रीबोर हो चुका होगा। लेकिन हकीकत में यह हैंडपंप अभी भी ठूठ बना हुआ है।
गनीमत यह है कि प्रशासन की मानवता भले ही मर गई हो लेकिन मोहल्ले के दो संवेदनशील समाजसेवी डाॅ रफीक और नसीमुददीन ने अपने घर के दरवाजे प्यास से तरसते लोगों के लिए खोल दिये हैं। दोनों घरों में निजी समरसेविल लगी है। जिनसे पानी भरने मोहल्ले भर की महिलाएं और बच्चे तक आते रहते हैं। लंबी कतार लगने की वजह से लोगों को पानी भरने में पूरा दिन लग जाता है। जिससे कि उनकी जीविका प्रभावित हो रही है। जिलाधिकारी से मांग की गई है कि वे इस स्थिति में हस्तक्षेप कर मोहल्ले में पानी की समुचित व्यवस्था के लिए जल निगम को प्रभावी निर्देश दें।

Leave a Reply