एक श्रद्धालु की बाइक भी छीन ले गये बदमाश
एट-उरई। बैरागढ़ में शारदा देवी मन्दिर के दर्शन करके लौट रहे दो श्रद्धालुओं को बदमाशों ने लूट लिया। दो दिन पहले हुई इस घटना की रिपोर्ट दर्ज हो गयी है लेकिन पुलिस लुटेरों के बारे में अभी तक कोई सुराग नहीं लगा सकी है।
23 मार्च को सरेशाम हुई इन वारदातों में पहली वारदात शिवकुमार शिवहरे के साथ हुई। एट निवासी शिवहरे दर्शन करके बाइक से लौट रहे थे। बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनके रास्ते में आकर उन्हें रोक लिया और इसके बाद तमंचे की नोंक पर 1000 रुपये नगद, सोने की अंगूठी और साथ-साथ बाइक भी लूट ले गये।
इसी बीच पडऱी के पूर्व प्रधान रामप्रकाश निरंजन को धगवां जाने वाले रास्ते पर इन्हीं बाइकर्स ने रोका। उनसे सोने की अंगूठी और 750 रुपये नगद व हेलमेट छीन ले गये। चूंकि उनको लूटते समय दोनों बदमाशों के पास बाइक थीं जिसकी वजह से उन्हें रामप्रकाश निरंजन की बाइक लूटने के इरादे में संवरण करना पड़ा।
उक्त वारदातों से बैरागढ़ आने जाने वाले श्रद्धालु बुरी तरह खौफजदा हैं। गौरतलब है कि बैरागढ़ की देवी मन्दिर की पूरे बुन्देलखण्ड में विशेष मान्यता है। जिसके कारण दूर-दूर से श्रद्धालु इस मन्दिर में आते हैं। बदमाशों की चुनौती से उनकी धार्मिक भावनाओं को झटका पहुंचा है जिससे जनाक्रोश उमड़ रहा है। पुलिस इसको देखते हुए उक्त घटनाओं के अनावरण का गम्भीर प्रयास करने में जुट गयी है।






Leave a Reply