पहला सामूहिक शादी जश्न जिसमें रहा इतना जोरदार धूम धड़ाका
जोड़ों के अभिभावकों का एक पैसा नहीं होने दिया खर्च
दहेज में गृहस्थी का हर जरूरी सामान रहा उम्दा स्तर का
उरई। मुंह बोली बहनों का निकाह उन्होंने इतने दिल खोलकर किया कि जैसे वे उनकी सगी बहनें हों। ख्वाजा गरीब नवाज कमेटी के जेरे कयादत शहीद अशफाक उल्ला मेमोरियल बालिका इंटर कालेज के प्रांगण में हुए इस जलसे में कमेटी के पदाधिकारियों का जज्बा एक मिसाल कायम करने वाले वाकये के रूप में शहर की तवारीख में सुनहरे हरफों में दर्ज हो गया।
ख्वाजा गरीब नवाज कमेटी सैयद गैबू शाह की दरगाह के खिदमतगारों ने गठित की है जिसने इस साल 5 गरीब लड़कियों को बहन के रूप में अपनाकर पूरे धूमधड़ाके के साथ उनकी शादी कराने का ऐलान किया था। आज इसकी मुकर्रर तिथि पर कमेटी ने शानदार ढंग से इसको अमली रूप दिया। कमेटी के प्रेसीडेंट राजू सभासद, ट्रेजरार और इसके विचार शिल्पी हाजी मु.मुही आजम व कैश कंट्रोलर और आडीटर इन चीफ इरशाद सेठ को इस आयोजन को गरीब परिवारों की लड़कियों की सामूहिक शादी का नाम दिये जाने से ऐतराज था। उन्होंने कहा कि आयोजन की इस तरह की पहचान बताकर कमेटी के हम लोगों के लिये इन बहनों को बेगाना न बनायें। इन्हें हमने अपनाया तो इनके निकाह में धूमधड़ाके की कोई कसर न छोडऩा हमारी नैतिक और धार्मिक जिम्मेदारी हो गयी थी।
इसी जज्बे का नतीजा था कि कमेटी ने अपनी बहनों की शादी में गृहस्थी की जरूरत का पूरा दहेज दिया। बारातियों जनातियों के साथ-साथ मेहमानों के खाने का भी उम्दा इन्तजाम किया। इसमें कमेटी के अकील ठेकेदार जैसे सरपरस्तों का मुख्य हाथ रहा। कमेटी ने जोड़ों के अभिभावकों से 5001-5001 रुपये जमा कराये थे लेकिन यह पूरी रकम उनकी पहली सन्तान के लिये एफडी कराकर उन्हीं को सौंप दी गयी। इस तरह यह पहला ऐसा सामूहिक शादी का जलसा रहा जिसमें इतनी भव्यता के बावजूद जोड़ों के किसी पक्ष को कोई खर्चा वहन नहीं करना पड़ा। इसी के साथ-साथ कितना पैसा और सामान कहां-कहां से आया और दूल्हा-दुल्हन को क्या-क्या दिया गया, कितना दीगर खर्चा हुआ। इस सबकी जानकारी सारे हाजरीन को लिखित पुस्तिका बांटकर दी गयी। साथ ही इस ब्योरे को नेट पर भी सार्वजनिक किया गया। इस पारदर्शिता की शहर भर में बेहद तारीफ हुई।
इस मौके पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विजय चौधरी, जलील सेठ, मशहूर गायक मिर्जा साबिर बेग, राजू राठौर कदौरा, कमल श्रीवास्तव आदि ने कार्यक्रम में शिरकत कर आयोजकों की हौसला अफजाई की। आगन्तुकों का स्वागत का.जाकिर आजमी ने किया। हलीम मिस्त्री, कबी मास्टर साहब, सैयद शबाब हुसैन, हरिकिशोर गुप्ता, नसीम बाबा, पवन गेंड़ा, वाहिद बीड़ी वाले, अखलाक अंसारी, मो.तारिक, सादाब शाह, मास्टर अलीम, सुभाष बाल्मीकि, नजर मोहम्मद, नसीम पुखरायां, मुबीन खान सभासद, सुभान अंसारी, जमशेद कादरी, नौमान अंसारी, जमजम पानी सप्लायर, शालीमार फोटो स्टू्डियो, अनीस मामू, मीना टेन्ट हाउस, शहजाद अली, इश्तियाक अली, केजीएन साउण्ड सर्विस, छोटे हुब्बलाल और मीडिया प्रभारी जनाब सिराजुल हक साहब आदि सरपरस्तों और इंतजामिया कमेटी के पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और कार्यक्रम को सफल बनाने में हाथ बंटाया।






Leave a Reply