उरई। पुलिस लाइन में इस वर्ष पहली बार होली समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। पुलिस की होली में हर साल अखाड़ेबाजी होती थी जिसमें मेहमानों की उठापटक, उन्हें रंग से तरबतर करने के साथ-साथ कपड़े फाड़कर उन्हें बेहाल कर देने की रवायत आम होती थी लेकिन इस बार नवागन्तुक पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने इस नजारे को बदलने की शुरूआत की।
उन्होंने मीडिया कर्मियों, अधिकारियों, न्यायिक पदाधिकारियों के साथ-साथ चुनिन्दा अधिवक्ताओं को होली मिलन में आमंत्रित किया। जिसमें बहुत से लोग पूर्व के अनुभव से डरे होने के कारण नहीं पहुंच पाये लेकिन जो लोग पहुंचे उन्होंने एसपी की पहल को सराहा।
इस होली मिलन समारोह में कोई जोर आजमाइश नहीं हुई। न ही खाकी वाले जौहर दिखाने का मौका हासिल कर सके। रंग और कीचड़ की बजाय नये पुलिस अधीक्षक ने फूलों की होली खिलवाई जिसका सारे आमंत्रितों ने शालीन मजा लिया। जिलाधिकारी रामगणेश, अपर जिला जज रामअचल यादव और विवेकानंद त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह, अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक शकील अहमद, सीओ सिटी डा.जंग बहादुर सिंह सहित सभी पुलिस उपाधीक्षक, इंसपेक्टर और थानेदार भी समारोह में सम्मिलित हुए। गरिमा पाठक के गीतों ने कार्यक्रम में और समां बांध दिया। पुलिस के होली मिलन का पूरा लुत्फ उठा रहे डीएम ने अपनी चुटकुलेबाजी से उपस्थित लोगों को खूब गुदगुदाया।






Leave a Reply