उरई। अलग-अलग जगहों पर चोरी की दो वारदातों से पुलिस को अपराधियों ने करारी शह देने का प्रयास किया है। भले ही यह चोरी मात्रा के लिहाज से बहुत बड़ी न हो लेकिन इस आगाज को चुनौती के रूप में न लेना कोतवाली पुलिस का भारी भी पड़ सकता है।
कोतवाली पुलिस के ढीलेढाले रवैये की वजह से शहर में अपराधियों के हौसले कई दिनों से बुलंद हैं। तेज तर्रार एसपी की पोस्टिंग के चलते उन्हें परखने की मजबूरी में अराजक तत्वों ने कुछ दिनों संयम बरता लेकिन लगता है कि अब वे रंग पर आ रहे हैं। होली के समय झगड़े की छुटपुट वारदातों में पकड़ कर लाये गये लोगों को छोड़ने के लिए जिस तरह कोतवाली में बाजार सजा उससे अराजक तत्वों को फिर से निश्ंिचत होने का मौका मिल गया और उन्होंने नई परिस्थितियों में कोतवाली पुलिस की दमखम टटोलने लिए दो जगह हाथ आजमा दिये।
एक वारदात कालौनी में नलकूप विभाग के सहायक अभियंता राममोहन राम के घर हुई। वे होली की छुटटी में अपने घर चले गये थे। इसी दौरान चोरों ने उनके घर में घुसकर टेलीविजन सैट और गैस सिलेंडर आदि सामान पार कर दिया। एक और वारदात मेडिकल काॅलेज के सामने किराने की दुकान में हुई। इरफान पुत्र कमर अहमद की इस दुकान का शटर तोड़कर चोरों ने लगभग 50 हजार रुपये का सामान उभाड़ दिया। दोनों घटनाओं की सूचना कोतवाली में दे दी गई है। अब देखना यह है कि कोतवाली पुलिस पहले की तरह ही इन प्रार्थना पत्रों को एक कोने में डाल देती है या अपराध के भ्रूण स्तर पर ही दमन की जिम्मेदारी दिखाते हुए दोनों चोरियों के वर्कआउट में दिलचस्पी लेती है।






Leave a Reply