27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ceकोंच-उरई। प्रदेश में कानून और व्यवस्था की स्थिति को लेकर सत्ता के विरोधी अगर सवालिया निशान लगाते हैं तो इसमें गैरबाजिब कुछ भी नहीं है, जिसे देखो वही रंगबाजी पर उतारू है। अब आज ही की घटना है कि एक रंगबाज टाइप युवक ने बेमतलब ही एक आपे चालक की कनपटी पर पिस्तौल अड़ा दी और गाली गलौच पर आमादा हो गया। घटना के वक्त आपे में दो महिलायें भी सवार थी। यह देख महिलाओं ने चीखना चिल्लाना शुरू कर दिया तो ग्रामीण वहां आ गये और उक्त युवक को दबोच कर पिस्तौल छीन ली तथा पुलिस को बुला कर उसके सुपुर्द कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भदेवरा का निवासी आपे चालक जयप्रकाश पुत्र गयाप्रसाद वर्मा आज दोपहर अपनी आपे लेकर गांव से कोंच की ओर चला। आपे में दो महिलायें भी सवार थीं, तभी आपे के ठीक सामने एक बाईक सवार युवक ने बाईक अड़ा दी और उस पर से उतर कर सीधा आपे सवार के पास पहुंचा तथा पिस्तौल उसकी कनपटी से अड़ा कर मां बहिन की भद्दी भद्दी गालियां देने लगा। उसके हाव भाव बता रहे थे कि वह युवक शराब के नशे में धुत था और जबर्दस्ती की रंगबाजी पर आमादा था। यह देख महिलाओं ने चीखना चिल्लाना शुरू कर दिया जिस पर गांव के तमाम लोग दौड़ कर आ गये और युवक को दबोच कर उसकी पिस्तौल छीन ली तथा पुलिस को इत्तिला कर दी। मौके पर एसआई रवीन्द्र त्रिपाठी, हमराही राजाभईया पहुंच गये। ग्रामीणों ने बाईक सहित युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। आपे चालक ने युवक गुड्डू ठाकुर बुंदेला पुत्र गजराज सिंह बुंदेला निवासी ग्राम रानीपुरा थाना नदीगांव हाल निवासी कोंच के खिलाफ तहरीर दे दी है।

Leave a Reply