0 आवेदन विलंबित न करने की हिदायत
0 असलहा के अग्रसारण की व्यवस्था अभी रहेगी यथावत्
01orai01उरई। जिलाधिकारी संदीप कौर ने शुक्रवार की सुबह अपने कार्यालय पहुंचने के बाद कलेक्ट्रेट के सभी अनुभागों का निरीक्षण किया। अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार, नये एसडीएम सदर संजय कुमार और सिटी मजिस्ट्रेट पीके सक्सेना उनके साथ रहे। डीएम ने प्रत्येक अनुभाग में बाबुओं का परिचय लिया। साथ ही उनके अभिलेख भी चैक किये।
मंगलवार को जिले का कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी संदीप कौर बुधवार को मंडलायुक्त को अपना परिचय देने झांसी चली गई थी। गुरुवार को उन्होंने कलेक्ट्रेट के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रशासनिक मामलों में गहन मंत्रणा की। इसके साथ ही उन्होंने एसडीएम सदर डाॅ. एवी सिंह को कोंच स्थानांतरित कर अभी तक कोंच का कार्य देख रहे सीधी भरती के डिप्टी कलेक्टर संजय कुमार को उनका चार्ज सुपुर्द करा दिया।
इसके बाद कलेक्ट्रेट के कील-कांटे दुरुस्त करने के लिए डीएम ने आज सभी अनुभागों में विभिन्न पटलों का सूक्ष्म निरीक्षण किया। सफाई को लेकर उन्होंने बाबुओं को आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने सभी अनुभाग प्रभारियों को कागजात अनावश्यक रूप से विलंबित न रखने और सभी अभिलेख अद्यतन करने के निर्देश दिये। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट में बैठकर एडीएम से बाबुओं की कार्य प्रणाली के बारे में चर्चा की। मुख्य रूप से असलहा पटल को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट पीके सक्सेना भी मौजूद थे। डीएम ने उनसे कहा कि अग्रिम आदेश तक पूर्व डीएम द्वारा की गई व्यवस्था के अनुरूप आप ही असलहा की फाइलें अग्रसारित कर उन्हें भेजते रहें। डीएम के रुख से यह लग रहा था कि जल्द ही वे यह चार्ज एडीएम को सुपुर्द करने वाली हैं।

Leave a Reply