27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ceउरई। गर्मी के मौसम की दस्तक भर होते ही जिले में पेयजल संकट की त्राहि-त्राहि मचने लगी है। नई जिलाधिकारी के सामने आज आये फरियादियों में सबसे ज्यादा संख्या पानी की समस्या से परेशान लोगों की रही। जिलाधिकारी ने क्रिटिकल गैप कोटे के चार सौ हैंडपंप सर्वाधिक जरूरतमंद इलाकों में लगवाने के निर्देश अधीनस्थ अफसरों को दिये।
इस वर्ष सर्दियों में ही जल स्तर में उल्लेखनीय गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया था। पूर्व जिलाधिकारी रामगणेश ने इसे देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर कई पेयजल नलकूपों में काॅलम पाइप डलवाये थे तांकि आपूर्ति व्यवस्था चालू रह सके। इसी बीच होली के तत्काल बाद गर्मी तेजी से बढ़ने के साथ ही नलकूप व हैंडपंपों के बीमार होने की तादाद बढ़ने लगी। नई जिलाधिकारी संदीप कौर को इस तरह विरासत में पेयजल समस्या की चुनौती आते ही मिली है। शुक्रवार को पेयजल से संबंधित दर्खास्तों का तांता देख उन्होंने अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार के साथ इस मामले में विचार विमर्श किया। आनंद कुमार ने बताया कि नये हैंडपंप लगाने के लिए स्थल चयन का काम लेखपालों के पर्याप्त संख्या में न हो पाने की वजह से पूरा नही हो सका है। उन्होंने कहा कि जिन हैंडपंपों का रीबोर हुआ है उनके सत्यापन में भी राजस्व विभाग में जनबल की कमी के कारण रुकावट आ रही है।
उधर जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि हैंडपंप रीबोर का बजट हड़पने की जलनिगम के अभियंताओं ने आदत सी बना ली है। पिछले कुछ महीनों में लाखों रुपये रीबोर के नाम पर निकाल लिये गये जबकि मौके पर रीबोर का सत्यापन नही हो पा रहा। उधर मानक से अधिक हैंडपंप होते हुए भी निजी आधिपत्य की वजह से बहुसंख्यक आबादी पेयजल समस्या से जूझने पर मजबूर हो रही है। यह स्थिति बरकरार रहने पर हजारों हैंडपंप लग जाने के बाद भी ज्यादातर आबादी प्यास बुझाने के लिए तरसती रहेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि इस स्थिति को गंभीरता से संज्ञान में लेकर दुरुपयोग रोकने के लिए कार्रवाई की जायेगी।

Leave a Reply