v2उरई। दबंग सिपाही ने दिवंगत दरोगा की पत्नी को दिनदहाड़े पुलिस लाइन के सामने सड़क पर न सिर्फ मारापीटा बल्कि उसका चीरहरण तक कर डाला। इस शर्मनाक घटना को देखने के लिए बड़ी तादाद में तमाशाई तो जुट गये लेकिन किसी ने सिपाही को रोकने की जहमत नही उठाई।
पुलिस के अनुशासन को आज एक सिपाही ने ही तार-तार कर डाला। सिपाही का नाम है हरगोविंद जो कुछ समय पहले उरई कोतवाली में तैनात रह चुका है लेकिन उसकी शहजोरी की वजह से ही उसका ट्रांसफर उच्चाधिकारियों ने झांसी कर दिया था। लेकिन अपनी मर्जी के मालिक हरगोविंद ने अभी तक उरई छोड़ना गवारा नही किया है।
उसके उत्पीड़न का शिकार राधादेवी उसी के विभाग के दरोगा दातादीन की पत्नी हैं जिनका एक साल पहले देहांत हो चुका है। आफत की मारी राधा पर इसके बावजूद हरगोविंद को कोई तरस नही आता। राधा ने बताया कि हरगोविंद उसे काफी समय से परेशान कर रहा है। हरगोविंद पेशबंदी में उच्चाधिकारियों के खिलाफ दरख्वास्त बाजी करने में माहिर है जिससे अधिकारी भी उसका सामना करने से कतराने लगे हैं। इसके चलते हरगोविंद की सीनाजोरी चरम सीमा पार करने लगी है।
शुक्रवार को उसने दोपहर बाद पुलिस लाइन के सामने बघौरा रोड पर राधा देवी पर हमला बोल दिया। राधा चींख रही थी और उधर सड़क से गुजर रहे राहगीर कुछ करने की बजाय उस पर हो रहे अत्याचार का तमाशा देखने लगे थे। भीड़ जमा होने के बावजूद सिपाही का जोश ठंडा नही हुआ और उसने राधा देवी को लगभग बेपर्दा तक करने में कसर नही छोड़ी। दिवंगत दरोगा की पत्नी के साथ सरे सड़क हुए इस बर्ताव की चर्चा शहर के हर गली-कूंचे में हो रही है। राधा ने अपने बेटे के साथ कोतवाली में आकर ड्यूटी पर मौजूद दरोगा ऋषभ कुमार को आपबीती सुनाई। लेकिन प्रार्थना पत्र लेने के अलावा अभी तक कार्रवाई के नाम पर कोतवाली पुलिस की कोई सरगर्मी नजर नही आई है।

Leave a Reply