02orai09उरई। गत् 30 मार्च को कालपी रोड पर सूर्या होटल में हुई घटना को लेकर आरोपी पक्ष ने आईजी जोन को भेजे पत्र में पुलिस पर इकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसके भाई पर पुरानी रंजिश की वजह से होटल मालिक द्वारा अपने साथियों के साथ जानलेवा हमला किया गया था। जिसका पुलिस मैमों के आधार पर जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण भी हुआ है। उसके भाई की हालत अभी भी इतनी गंभीर है कि अभी भी वह जीवन और मौत के बीच जूझ रहा है।
सूर्या होटल पर हुई खूनी मारपीट के आरोपी नीरज प्रजापति ने उक्त झगड़े को दूसरा मोड़ देते हुए आरोप लगाया है कि उसके भाई राहुल से पांच-छह माह पहले होटल मालिक अतीक की कहासुनी हो गई थी। घटना के दिन वह जीतू के साथ सूर्या होटल से खाना पैक कराने गया जहां इसी रंजिश की वजह से होटल मालिक ने राहुल और जीतू पर अपने कर्मचारियों के साथ हमला बोलकर उसे मरणासन्न कर दिया और उसकी सोने की जंजीर लूट ली। खबर पाकर वह पहुंचा तो उसके साथ भी होटल में मारपीट हुई लेकिन वह किसी तरह राहुल और जीतू को निकालकर लाने में सफल रहा। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए वह कोतवाली गया जहां मैमों के साथ उसके भाई को जिला अस्पताल भेजा गया। मेडिकल रिपोर्ट होते हुए भी उसकी रिपोर्ट लिखने की बजाय पुलिस ने उल्टे उसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। नीरज प्रजापति ने आईजी जोन से इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है।

Leave a Reply