27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ceउरई। घपलेबाजी की चर्चाओं से घिरी स्वास्थ्य विभाग की संविदा नियुक्तियों के लिए नये सिरे से हुई चयन प्रक्रिया में भी जनपद के अभ्यर्थियों को ठगा सा रह जाना पड़ा है। चयन सूची में हमीरपुर, महोबा और बांदा के अभ्यर्थियों की भरमार है।
यह पहली बार नही हुआ है इसके पहले भी बाहरी जनपदों के अभ्यर्थी सफल घोषित किये गये थे। घपलेबाजी के संदेह के वजह से ही डाॅ. आशाराम के समय हुई चयन प्रक्रिया को रदद करना पड़ा था। लेकिन नई चयन प्रक्रिया में भी पुराना खेल ही जारी रहा। उधर शासन के निर्देश थे कि 31 मार्च तक संविदाकर्मियों की चयन प्रक्रिया पूरी कर उनकी ज्वाइनिंग करा दी जाये। लेकिन 67 संविदा कर्मियों की इस सूची पर डीएम के दस्तखत 31 मार्च को हो पाये। इस कारण शासनादेश को देखते हुए 1 अप्रैल से कोई नई संविदा नियुक्ति का पत्र जारी न करने की व्यवस्था के मददेनजर सीएमओ चयनित अभ्यर्थियों को ज्वाइनिंग देने को लेकर ऊहापोह में हैं। उनका कहना है कि उन्होंने एनआरएचएम के एमडी से इस बावत मार्ग दर्शन मांगा है।
उधर चयन प्रक्रिया में धांधली के हैरत अंगेज किस्से सुनने को मिले हैं। बताया जाता है कि महोबा जनपद का निवासी एक कर्मचारी का इसमें मुख्य हाथ रहता है। जिसकी खुद की नियुक्ति भी फर्जी बताई जाती है। वही महोबा, हमीरपुर और बांदा के अभ्यर्थियो का ठेका लेकर आवेदन कराता है। नई जिलाधिकारी से इसकी जांच कराने की मांग की जा रही है।

Leave a Reply