0 चुनावी वर्ष में राजनैतिक कार्यकर्ताओं को रखे रडार पर
उरई। पुलिस लाइन में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने मातहतों को आगाह किया है कि विभाग की छवि खराब करने वाली किसी भी करतूत से बाज आयें। उन्होंने कहा कि थाने पर आने वाले फरियादियों से दुव्र्यवहार, अवैध वसूली, वर्दी का रौब दिखाकर दबंगई करने या शराब पीकर हंगामा करने जैसी शिकायत किसी अधिकारी और कर्मचारी के बारे में नही मिलना चाहिए वरना उसकी खैर नही होगी।
एसपी ने कहा कि आगामी नवरात्रि आदि त्यौहारों को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। त्यौहारों की आड़ में शरारती तत्व दंगा भड़काने और आपसी वैमनस्य पैदा करने जैसी हरकतें कर सकते हैं। पुलिस का मुस्तैद रहना विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह चुनावी वर्ष है। इसमें राजनैतिक कार्यकर्ताओं की कारगुजारियों पर भी निगाह रखी जानी चाहिए। माइलेज लेने के लिए इस समय भटके हुए राजनैतिक कार्यकर्ता अशांति पैदा करने की कार्रवाई कर सकते हैं। उन्होंने जिले में पिछले कुछ महीनों में पूजा स्थलों और आस्था के केंद्रों पर हुई तोड़फोड़ की घटनाओं की वजह से माहौल बिगड़ने की नौबत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह पता लगाने की जरूरत है कि कौन लोग इस तरह की घटनाओं में शामिल हैं। इन घटनाओं को उकसाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाये।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने तीन सेवा निवृत्त कर्मियों को रामचरित मानस की प्रति और एक छाता देकर सम्मानित देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सेवा निवृत्त होने के बावजूद वे लोग अपने को पुलिस परिवार से अलग न समझें। उन्हें कोई परेशानी हो तो बेहिचक उनसे सीधे मिलें। उनकी पूरी मदद की जायेगी। इनमें हैडकांस्टेबिल रामऔतार, हैडकांस्टेबिल मैकेनिकल ओमप्रकाश शर्मा और लीडिंग फायरमैन लल्लू सिंह शामिल रहे। अपर पुलिस अधीक्षक शकील अहमद, सभी उपाधीक्षक, प्रभारी निरीक्षकगण, थानाध्यक्ष गण और प्रतिसार निरीक्षक उपस्थित रहे।
वृहद चैकिंग
थानाध्यक्षों के मीटिंग में रहने तक उनके मातहतों को भी इंगेज रखने के लिए पुलिस अधीक्षक ने पांच प्वाइंट चिन्हित कर व्यापक चैकिंग अभियान चलवाया। कोंच बस स्टैण्ड, शहीद भगत सिंह चैराहा, कालपी बस स्टैण्ड, मौनी बाबा मंदिर और जिला परिषद पर कोतवाली के एक-एक दरोगा के साथ अन्य थानों के दरोगा सहित 10 पुलिस कर्मी इसमें लगाये गये थे। बिना नंबर की गाड़ियों और कागजात के बिना चल रही गाड़ियों का इस दौरान जमकर चालान किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से शाम को पूरे शहर में हड़कंप जैसा माहौल रहा।





Leave a Reply