27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ceउरई। पोषाहार में गबन को लेकर निलंबित रह चुकी बाल विकास परियोजनाधिकारी के पति ने बुधवार की शाम निवर्तमान जिला कार्यक्रम अधिकारी के घर आधा दर्जन लोगों को साथ ले जाकर बवाल काटा। उपद्रवियों ने घर में मौजूद उनके सर्वेंट के साथ झूमाझटकी की और गाली-गलौज करते हुए चले गये। कोतवाली में इस घटना का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
वंदना वर्मा पहले रामपुरा में सीडीपीओ के रूप में तैनात थीं। उनके कार्यकाल में रामपुरा के लिए आवंटित पुष्टाहार गायब पाया गया था। जिसे लेकर निवर्तमान जिला कार्यक्रम अधिकारी सुनील कुमार ने उन्हें निलंबित कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश कर दिये थे। बाद में वंदना वर्मा ने इस मामले में उच्च न्यायालय से राहत हासिल कर ली। हालांकि बहाल हो जाने पर उन्हें गैर जनपद स्थानांतरित कर दिया गया था।
इसी बीच हाल में डीपीओ सुनील श्रीवास्तव को इसी पद पर बहराइच स्थानांतरित कर दिया गया। बुधवार को वे अपना बकाया काम निपटाने के लिए दफ्तर में बैठे थे। आरोप है कि इस दौरान वंदना वर्मा के पति प्रेम प्रताप ने 6-7 अज्ञात लोगों के साथ राजकीय काॅलौनी स्थित डीपीओ के घर पहुंचकर बलवा कर डाला। बाद में सुनील श्रीवास्तव की रिपोर्ट पर इस मामले में आईपीसी की धारा 147, 504, 506 का मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

Leave a comment