जान बचाना पड़ा मुश्किल
सूचना मिलने के बाद सीओ सिटी और कोतवाल भारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे
उरई। मोहल्ला बघौरा में लूट के एक मामले में वांछित आरोपी को पकडऩे पहुंची पुलिस पर आरोपी और उसके परिवार की महिलाओं ने जोरदार हमला बोल दिया। अंधाधुंध पथराव की वजह से गिरफ्तारी टीम में शामिल जालौन कोतवाली पुलिस के एक दरोगा और चार सिपाहियों को मोहल्ले में इधर-उधर आड़ में छिपकर जान बचानी पड़ी। बलवाइयों ने इसके पहले उनकी वर्दी फाड़ दी और लात घूंसों से उन्हें पीटा।
जालौन कोतवाली क्षेत्र में कुछ दिनों पहले हुई लूट की एक वारदात में बघौरा मोहल्ला निवासी पीयूष वर्मा शामिल रहा था। उसके घर पर होने की सूचना मिलने के बाद जालौन कोतवाली पुलिस का फोर्स आज उसके यहां जा पहुंचा। पुलिस ने जैसे ही पीयूष को पकड़ा वह पुलिस वालों से भिड़ गया। साथ ही उसके परिवार की महिलायें भी पुलिस वालों पर टूट पड़ीं। इस दौरान पुलिस कर्मियों की वर्दी फट गयी। मार खाते हुए बचने के लिये वे बाहर दौड़े तो महिलाओं ने छत पर चढ़कर उन पर अंधाधुंध पथराव करना शुरू कर दिया। पुलिस वालों ने इधर-उधर आड़ लेकर जान बचायी। इस बीच दरोगा ने मोबाइल पर अधिकारियों को सूचना दी। इस पर सीओ सिटी डा.जंग बहादुर सिंह यादव, प्रभारी निरीक्षक आलोक सक्सेना, महिला पुलिस सहित कोतवाली और पुलिस लाइन का भारी फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। इस बीच पीयूष मौके से भाग चुका था।
मोहल्ले में घिरे जालौन कोतवाली के फोर्स को बचाकर कोतवाली लाया गया। मामले को लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस उपाधीक्षक डा.जंग बहादुर सिंह ने कहा कि पुलिस पर हमला करने की जुर्रत करने वाली महिलाओं सहित सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।







Leave a comment