27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ceउरई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सांसद केशव प्रसाद मौर्य 18 अपै्रल को दोपहर बाद 4.30 बजे झांसी से होकर जिला मुख्यालय पर पहुंचेगे। अपने संक्षिप्त प्रवास में वे 6 बजे तक यहां रुकेंगे। इस दौरान उनकी जिले के प्रमुख भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से सांगठनिक मामलों में विचार विमर्श करने की योजना है। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के दौरे की खबर से चुनावी मोड में पहुंच चुके भाजपा के जिला संगठन में तेज हलचल उनके स्वागत की तैयारियों के लिए शुरू हो गई है। श्री मौर्य का कार्यक्रम आने के तत्काल बाद जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल ने फोन पर सभी पदाधिकारियों व प्रमुख नेताओं से संपर्क साधा। उधर जिले के विभिन्न विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के दावेदार प्रदेश अध्यक्ष के सामने प्रस्तुत करने के लिए अपना प्रोफाइल बनवाने की दौड़ धूप में जुट पड़े हैं। कई प्रत्याशियों ने इस चक्कर में आज रिश्तेदारों तक के यहां की शादियां छोड़ दीं। प्रोफाइल बनवाने में उम्मीदवार पत्रकारों की भी मदद ले रहे हैं। बहरहाल श्री मौर्य के प्रवास के समय भारी गहमा-गहमी का माहौल रहने का अनुमान किया जा रहा है।

Leave a comment