0 बैरागढ में भी रही भारी भीड़, जवारों का हुआ विसर्जन
कोंच-उरई। चैत्र नवरात्रि की समापन वेला में यहां के सुप्रसिद्ध सिंहवाहिनी मंदिर पर विशाल मेले का आयोजन किया गया जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्घालुओं की भारी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने मां सिंहवाहिनी और उनके वाम एवं दक्षिण पाश्र्व में विराजमान मां काली और मां सरस्वती के चरणों में माथा टेक कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। मंदिर परिसर में सजी दुकानों पर भी खरीदारों की भारी भीड़ रही। मध्य रात्रि परम्परानुसार मंगला आरती का आयोजन मुख्य पुजारी सीताराम पंडा के निर्देशन में किया जाता है जिसमें सैकड़ों भक्त शामिल रहते हैं। नवमी के जवारों की दर्जनों वारियों का विसर्जन भी श्रद्धाभाव से किया गया। समीपस्थ बैरागढ में भी मां शारदा के दर्शनों के लिये हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
यहां सुप्रसिद्ध प्राचीन सिंहवाहिनी मंदिर पर नवमी को परंपरानुसार आयोजित मेले में शनिवार को हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े। शाम से दर्शनार्थियों का तांता शुरू हुआ जो देर रात तक जारी रहा। मां सिंहवाहिनी के मुख्य मंडप के अलावा समूचे मंदिर परिसर को उम्दा ढंग से अलंकृत किया गया था। मैया का नयनाभिराम श्रृंगार संजय और विजय दीक्षित ने बड़ी ही सुघड़ता से किया जिसमें गुड्डू झा, रमेश पचैरी, कमलेश कनकने, डॉ. उटगेरकर, गुड्डू बुधौलिया, कढोरे यादव आदि सहयोग कर रहे थे। नवमी के जवारों की दर्जनों वारियों का भी धूमधाम के साथ शोभायात्रा निकाल कर विसर्जन किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर में डीएसपी अवधेश कुमार शुक्ल के निर्देश पर कोतवाल मनवीर सिंह खुद सुरक्षा व्यावस्था की कमान संभाले थे, दरोगा रवीन्द्र त्रिपाठी, दिनेश यादव, राजवीर सिंह, जयवीर सिंह, उदयपाल सिंह आदि महिला सिपाहियों तथा पुलिस फोर्स के जवानों के साथ मुस्तैदी से डटे थे। ठीक मध्य रात्रि मुख्य पुजारी सीताराम पंडा के निर्देशन में मंगला आरती का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों की संख्या में नित्य दर्शनार्थियों की रही। वर्ष में दो बार शरदीय और चैत्र नवरात्र पर मंगला आरती का आयोजन किया जाता है जिसमें सैकड़ों की संख्या में भक्तगण शामिल होकर मैया का गुणगान करते हैं। उधर, तहसील के सीमावर्ती इलाके में अवस्थित सुप्रसिद्ध शारदा पीठ बैरागढ में भी आज विशाल मेले में समीपस्थ और दूरस्थ इलाकों से हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां शारदा का आशीर्वाद प्राप्त किया, सैकड़ों वारियां जवारों की भी विसर्जित की गईं। वहां भी एट पुलिस द्वारा सुरक्षा इंतजामात किये गये थे।







Leave a comment