उरई। पुलिस ने नकली दूध बनाने के लिए मिल्क पाउडर की बोरियां लेकर जा रही मारुति वैन को मुखबिर की सूचना पर पकड़ लिया। लगभग एक दर्जन मिल्क पाउडर से भरी बोरियां बरामद हुई हैं। एक व्यक्ति को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। हालांकि कोतवाली पुलिस का कहना है कि इस मामले का खुलासा सोमवार को गाजेबाजे के साथ कोतवाली में प्रेस कांफ्रेस आयोजित करके किया जायेगा।
कोतवाली पुलिस ने देर रात एक मुखबिर की सूचना पर सपा के कलर की मारुति वैन यूपी 78 सीयू 4680 को रोक लिया जिस पर यदुवंशी लिखा हुआ था। वैन की छत पर दूध का कंटेनर जड़ा था जबकि अंदर तलाशी में नकली दूध बनाने के लिए मिल्क पाउडर की बोरियां रखी थी। गौरतलब है कि शहर में इन दिनों दूध से लेकर खोवा तक नकली बिक रहा है। स्वास्थ्य के लिए घातक रसायनों के इस्तेमाल से चल रहीं इन दूध, खोवा और घी की फैक्ट्रियों की वजह से लोगों की जान पर बन आई है।
सत्ताधारियों और खाद्य निरीक्षक के संरक्षण की वजह से नकली दूध निर्माता बेखौफ थे। जिसकी वजह से अहंकार में वे खाकी भगवान को सिर नवाना भूल चुके थे। खाकी भगवान ने उनके अधर्म और अंहकार को देखते हुए उन्हें सबक सिखाने के लिए ताड़ना देने की योजना बनाई। नतीजतन रात में जैसे ही नकली दूध निर्माता की वैन गुजरी एकदम खाकी भगवान प्रकट हो गये। इस कामयाबी से कोतवाली पुलिस आज काफी गदगद दिखी। लेकिन गुडवर्क का तब तक कोई मजा नही है जब तक कि पंडों के जरिये चारों दिशाओं में उसका यशोगान न हो। इसलिए कोतवाली पुलिस कल इसकी लिखापढ़ी में घोषणा पत्रकार वार्ता आयोजित कर करेगी। फिलहाल कोतवाली पुलिस ने पकड़े गये आरोपी का नाम बताने से इंकार कर दिया है।







Leave a comment