27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ceउरई। 12 अपै्रल को कुकरगांव के पास गोली लगने से घायल युवक की मौत के मामले में उसके पिता ने युवक की पत्नी और दो सालों के खिलाफ हत्या का अभियोग उरई कोतवाली में दर्ज कराया है। मृतक का अपनी पत्नी से तलाक का मुकदमा चल रहा था। घटना के दिन उसने शराब के नशे में इंदिरा नगर स्थित अपनी ससुराल में काफी उपद्रव मचाया था। इसके बाद रात में गांव लौटते समय कुकरगांव पुल के पास उसे गोली मार दी गई थी। दो दिन बाद उपचार के दौरान 14 अपै्रल को उसकी मौत हो गई थी।
कुठौंद थाने के रामपुरा किरवाहा निवासी प्रमोद कुमार वर्मा के पुत्र वरुण का विवाह शहर के इंदिरा नगर मोहल्ला निवासी देवीदीन वर्मा की पुत्री हेमलता के साथ हुआ था। एक वर्ष बाद पति-पत्नी में आये दिन कलह होने लगा। वरुण ने इसी कलह के बीच गर्भवती हालत में हेमलता को घर से निकाल दिया जिसके बाद से वह मायके मे रह रही थी। हेमलता ने पति के व्यवहार के खिलाफ पुलिस के ऐच्छिक ब्यूरो में भी शिकायत दर्ज करा दी थी। बाद में वरुण ने पत्नी से तलाक लेने के लिए अदालत में मुकदमा दायर कर दिया।
12 अपै्रल को इसी मुकदमे की तारीख करने वरुण रामपुरा किरवाहा से उरई आया था। लेकिन उसने जमकर नशा कर लिया जिससे वह तारीख नही कर सका। अदालत में वकील से प्रार्थनापत्र दिलाकर वह अपनी ससुराल पहुंच गया। उसने ससुराल में जमकर बबाल काटा। पत्नी के साथ मारपीट तक की। बाद में रात लगभग 11 बजे जब वह बाइक से रामपुरा किरवाहा जा रहा था तो कुकरगांव पुल के पास उसे गोली मार दी गई। पहले पुलिस इस मामले में ससुरालियों को क्लीन चिट दे रही थी। पुलिस का कहना था कि वरुण का घटना स्थल पर बाइक पर जा रहे दो अन्य युवकों से झगड़ा हो गया था। लेकिन शरीर से हटटा-कटटा होने के कारण वरुण अकेला दोनों पर भारी हो गया। वह दोनों को पीटने लगा तो उनमें से एक युवक ने तमंचा निकालकर उसे गोली मार दी।
लेकिन आज वरुण के पिता प्रमोद कुमार वर्मा ने उसकी पत्नी हेमलता साले योगेंद्र और जितेंद्र के खिलाफ सुनियोजित ढंग से उनके पुत्र की हत्या कर डालने का मुकदमा कोतवाली में दर्ज करा दिया है। प्रभारी निरीक्षक आलोक सक्सेना का कहना है कि मुकदमें की गहराई से छानबीन की जायेगी। इसके बाद ही कोई कदम उठाया जायेगा।

Leave a comment