- ऊंट के मुंह में जीरा ही सही, काम की तरफ ध्यान दिया जा रहा है
- डीडीओ ने किया ब्लॉक और पशु चिकित्सालय का निरीक्षण
- ब्लॉक को मिले पांच नये लोहिया ग्राम
कोंच। जिला विकास अधिकारी आरएस गौतम ने आज कोंच विकास खंड तथा पशु चिकित्सालय का निरीक्षण कर मिली खामियां दुरुस्त करने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया है कि वाटर रिचार्जिंग की विकराल समस्या को देखते हुये पानी के परंपरागत स्रोतों को पुनर्जीवित किये जाने की दिशा में शासन से मिले निर्देशों के तहत प्रत्येक न्याय पंचायत में एक कुंये का जीर्णोद्घार कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा गांवों में समाजवादी पेंशन के लिये पात्रों का अन्बेषण मिले लक्ष्य के अनुरूप करने के निर्देश अधीनस्थों को दिये गये हैं।
बुंदेलखंड में सूखे की भयावहता को देखते हुये शासन से तमाम राहत कार्यों का पूरा पैकेज सा आया है। अब यह अलग बात है कि यह पैकेज ऊंट के मुंह में जीरे जितना ही क्यों न हो लेकिन काम की तरफ ध्यान दिया जाना ही बहुत बड़ी बात है। सोमवार को जिला विकास अधिकारी आरएस गौतम ने यहां कोंच विकास खंड कार्यालय का निरीक्षण करने के बाद मिली खामियां अविलंब दूर करे के निर्देश दिये। कार्यालय के सहायक लेखाकार राजकुमार की पिछले छह महीने की पड़ी पेंडेंसी को जल्दी निपटाने के कड़े निर्देश दिये गये हैं। ग्रामीण अंचलों में समाजवादी पेंशन के लिये नया टारगेट भी मिला है जिसके तहत 1 हजार 500 अनुसूचित जाति, 2 हजार अन्य तथा 1 हजार अल्पसंख्यकों को समायोजित करने के लिये अधीनस्थों से कहा गया। अल्पसंख्यकों के आवेदन मांगे गये हैं और जिनके नाम पुरानी वेटिंग में हैं उनका सत्यापन करने को कहा गया है ताकि उन्हें इस लक्ष्य में शामिल किया जा सके। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा योजना के पात्रों की सूची बना ली गई है उसकी फीडिंग की जा रही है। ब्लॉक को पांच नये लोहिया ग्राम चमारी, पचीपुरी, कमतरी, बरसेसी व जमरोही कलां, भी दिये गये हैं जिनमें मानक के अनुरूप विकास कार्य कराये जायेंगे और उन्हें संतृप्त किया जायेगा। पशु चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल किसी अन्य जगह शिफ्ट किये जाने की आवश्यकता महसूस करते हुये चिकित्सक डॉ. रमेशचंद्र को निर्देश दिये कि पालिका से मिल कर किसी जमीन का चयन करके आपस में एक्सचेंज करके नये भवन की आधारशिला रखी जाये। बीडीओ बब्बन राय भी मौजूद रहे।






Leave a comment