जालौन-उरई। रात में एक घर में घुसकर चोरी कर रहे युवकों में से एक युवक को पकड़कर घर तथा मुहल्लेवालों ने जमकर धुना। इसके बाद उन्होंने कोतवाली पुलिस को सूचना देते हुए उसे कोतवाली पुलिस को सौंपा। वहीं, पुलिस भागे हुए युवक तथा चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में पकड़े गए चोर से पूछतांछ कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला बालमभट्ट निवासी कल्लू कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की रात्रि वह अपने परिवार सहित घर के एक कमरे में सो रहे थे। तभी रात में लगभग 2 बजे दो युवक पीछे से दीवाल फांदकर उनके घर में घुस गए और बगल के कमरे तथा अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे रूपए व गहनों को चुराने का प्रयास करने लगे। तभी कमरे में हो रही खटपट की आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई। जब वह कमरे में पहंुचे तो उसे देखते ही एक युवक दीवार फांदकर भाग गया। वहीं, एक अन्य युवक को उन्होंने दबोचकर जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास मुहल्ले के लोग भी वहां आ गए। लोगों को आता देख उसने भागने का प्रयास किया तो लोगों ने पकड़कर उसके साथ मारपीट कर दी। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस चोर को पकड़कर कोतवाली ले आई। जहां पूंछतांछ में उसने अपना नाम अशफाक उर्फ चिरकुट्टा निवासी मुहल्ला चिमनदुबे बताया। वहीं, कोतवाली प्रभारी ने बताया कि उक्त चोर चोरी के मामलों में कई बार जेल जा चुका है। पुलिस उससे भागे हुए युवक के संबंध में पूछतांछ कर रही है। इसके साथ ही उससे नगर में हुई अन्य चोरी के मामलों के बारे में भी पूछतांछ की जा रही है।







Leave a Reply