कोंच-उरई। पिछले दिनों नया पटेल नगर इलाके में हाईस्कूल की छात्रा की कथित रूप से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में हालांकि मृतका चंचल के पिता ने पड़ोसी युवक जितेन्द्र कुशवाहा की नामजदगी कराई थी लेकिन घटनास्थल की हालत और हत्या करने के ढंग को लेकर पुलिस का माथा पहले ही दिन से ठनक रहा था कि इस मामले में कहीं न कहीं मृतका के करीबियों की संलिप्तता हो सकती है। यद्यपि नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी करने में पुलिस को ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी और इधर उधर दिखावटी हाथ पैर मार कर उसकी गिरफ्तारी पुलिस ने मुकम्मल कर ली लेकिन इतने भर से पुलिस का काम नहीं चलने बाला था सो वह नजदीकियों की संलिप्तता के विंदु पर आगे बढी और पुलिस के इन कदमों ने मृतका चंचल के पिता रमाकांत को बेचैन कर दिया। आखिर में वह यकायक गायब हो गया और बेचैन होने की बारी पुलिस की थी। बेचैनी इसलिये क्योंकि पहले दिन से ही जिले के पुलिस कप्तान बबलू कुमार द्वारा कोतवाली पुलिस को इशारों में बता दिया गया था कि रमाकांत पर नजरें टिकाये रखना है और जब वह गायब हो गया तो पुलिस के हाथ पांव फूल गये। कोतवाली पुलिस के अलावा स्वाट टीम को भी उसकी सुरागरशी पर लगा दिया गया और कल शाम किसी समय स्वाट टीम ने रमाकांत को हस्तगत कर लिया है। हालांकि अभी पुलिस ने मामले का खुलासा नहीं किया है लेकिन समझा जा रहा है कि हत्याकांड की जड़ तक पुलिस पहुंच गई है और शायद कल गुरुवार को पुलिस इसका पर्दाफाश कर असली मुल्जिम को सामने ला दे।





Leave a Reply